डीग। जिला प्रशासन डीग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डीग शहर की खंडेलवाल धर्मशाला में तीन दिवसीय निशुल्क दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने किया। यह शिविर श्री बल्लभ राम शर्मा मानव सेवा समिति व खंडेलवाल समाज डीग के सौजन्य से आयोजित किया गया।
शिविर में क्षेत्र के दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान समिति के महामंत्री मदन मोहन ने संस्था द्वारा देशभर में दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व शहर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अनिल कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि स्वर्गीय डॉ. दिगंबर सिंह की प्रेरणा से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के उद्देश्य से उनके पिताजी के नाम पर समिति का गठन किया गया था, जो निरंतर समाज सेवा के कार्य कर रही है।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में दिव्यांगजनों की सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं। उनसरकार भदिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है।
समिति के हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार को शाम 4:30 बजे तक शिविर में 40 ट्राईसाइकिल, 16 व्हीलचेयर, 40 कान की मशीन, 6 बैसाखी, 20 छड़ी, 4 कैलीपर तथा 4 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर उपलब्ध कराए गए। यह शिविर मंगलवार शाम तक संचालित रहेगा, जिसमें क्षेत्र के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष संजय गंधी, अर्चना किराड, राजेंद्र खंडेलवाल, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, खेमचंद कोली, दुष्यंत परमार के साथ खंडेलवाल समाज तथा भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।