गंगापुर सिटी में पहली बार सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन


अग्रवाल शिक्षण संस्थान में जिला अग्रवाल महिला संगठन की सराहनीय पहल

गंगापुर सिटी।कोरोना महामारी के बाद बढ़ते अचानक हार्ट अटैक एवं कार्डियक अरेस्ट की घटनाओं को देखते हुए दिनांक 22 दिसंबर, सोमवार को अग्रवाल शिक्षण संस्थान में जिला अग्रवाल महिला संगठन द्वारा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह गंगापुर सिटी में अपनी तरह का पहला जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम रहा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं को इस तथ्य के प्रति जागरूक करना था कि हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट किसी उम्र का मोहताज नहीं होता। यह कभी भी, कहीं भी और किसी को भी हो सकता है। ऐसी आपात स्थिति में यदि समय पर सही प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर दिया जाए, तो किसी की अनमोल जान बचाई जा सकती है।
शिविर में डॉ. राजकुमार मेहता ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं डमी मशीन के माध्यम से सीपीआर की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी। प्रशिक्षण के दौरान हार्ट बीट एवं टेंपरेचर को लाइव दिखाते हुए सीपीआर की सही प्रक्रिया समझाई गई, जिससे उपस्थित महिलाओं को वास्तविक आपात स्थिति में सीपीआर देने की स्पष्ट और प्रभावी जानकारी प्राप्त हुई। डॉ. मेहता ने बताया कि अस्पताल पहुँचने से पहले दिया गया सही सीपीआर जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय कर सकता है। सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी की अनमोल ज़िंदगी बचा सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमान सुरेश जी गुप्ता रहे तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अग्रवाल शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष श्रीमान दीनदयाल जी गुप्ता, महामंत्री गिरिराज जी, वित्त संयोजक ओमप्रकाश जी, राजकुमार जी गोयनका एवं हरीओम जी प्रदेश संस्कृत मंत्री सरोज गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रीमती रेखा गर्ग ने की। सभी अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती रेखा गर्ग ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आज हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट की समस्या केवल बुज़ुर्गों तक सीमित नहीं रही है। ऐसे समय में यदि मातृशक्ति को सीपीआर का ज्ञान हो, तो वे घबराने के बजाय सही निर्णय लेकर जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमान सुरेश जी गुप्ता ने कहा कि यदि इस प्रकार की जीवनरक्षक जानकारी आमजन तक पहुँचे, तो प्राथमिक चिकित्सा के माध्यम से अनेक जीवन बचाए जा सकते हैं। वहीं अति विशिष्ट अतिथि श्रीमान दीनदयाल जी गुप्ता ने अग्रवाल शिक्षण संस्थान में इस तरह के उपयोगी एवं जनहितकारी कार्यक्रम के आयोजन हेतु जिला अग्रवाल महिला संगठन का आभार व्यक्त किया।
जिला महामंत्री श्रीमती रजनी सिंगला ने बताया कि कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन प्रधानाचार्य श्री विजेंद्र जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल शिक्षण संस्थान की समस्त कार्यकारिणी, अग्रवाल महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती पदमा अग्रवाल, तहसील महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती सुमन आर्य, जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती मंजू मंगलम सहित अनेक महिलाएँ — अनामिका सिंघल, सीता सिंघल, तारा देवी, उषा गुप्ता, अनीता पंसारी, हंस जिंदल, सुनीता सरल, गुड्डी देवी, रेखा आर्य, जय सिंघल, आशा गुप्ता, कमलेश गुप्ता आदि उपस्थित रहीं।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now