जिला कांग्रेस कमेटी डीग की कार्यकारिणी में सामाजिक समरसता और भौगोलिक संतुलन के साथ 32 नए पदाधिकारियों को शामिल किया गया, संगठन विस्तार की प्रक्रिया जारी रहेगी।
डीग। अमर दीप सेन। डीग जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 32 नए कांग्रेसजनों को जिला कांग्रेस कमेटी डीग में पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद जिला कांग्रेस कमेटी डीग की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 72 हो गई है। नई नियुक्तियों के बाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए उत्साह और ऊर्जा के साथ सक्रिय हो गए हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मोहना गुर्जर अलीपुर ने कहा कि कार्यकारिणी में पूर्ण सामाजिक समरसता और संगठनात्मक संतुलन के साथ कार्यकर्ताओं को समावेशित किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करना है।
#### भौगोलिक और सामाजिक संतुलन को दी गई प्राथमिकता
मोहना गुर्जर ने बताया कि डीग जिले के अंतर्गत डीग-कुम्हेर, कामां और नगर विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 220 ग्राम पंचायतें तथा 180 नगर निकाय वार्ड शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यकारिणी के गठन में जिले के भौगोलिक और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। इसी उद्देश्य से लगभग सभी वर्गों के प्रतिनिधियों को संगठन में स्थान देने का प्रयास किया गया है, ताकि संगठन अधिक व्यापक और प्रभावी बन सके।
#### संगठन विस्तार की प्रक्रिया रहेगी जारी
सूत्रों के अनुसार आगामी 15 दिनों में कुछ प्रमुख कांग्रेस नेताओं एवं विभिन्न वर्गों के अन्य कांग्रेसजनों को भी पदेन सदस्य के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी में शामिल करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
इसके साथ ही राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए भी डीग जिले से दो से तीन सदस्यों के नामों की अनुशंसा किए जाने की संभावना जताई गई है।
#### संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
मोहना गुर्जर ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी डीग का उद्देश्य सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकता और जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत करना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी जिले के सभी क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत करेगी तथा कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगी।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।