डीग में एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च, कानून व्यवस्था का दिया संदेश


पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने नागरिकों से अतिक्रमण हटाने, यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की।

डीग। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

शाम करीब 7 बजे शहर कोतवाली थाना परिसर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर पुनः कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। बाजारों में मौजूद लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया।

अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था पर दिया जोर

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने नागरिकों से सड़कों और बाजारों में अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे आमजन के साथ-साथ एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।

संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना

एसपी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक तत्व या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि “पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकता है।”

अधिकारी और पुलिसकर्मी रहे मौजूद

फ्लैग मार्च में सीओ डीग सीताराम बैरवा, शहर कोतवाली थाना अधिकारी हीरालाल मीणा, उप निरीक्षक मंगतूराम, एएसआई राजवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *