41.10 करोड़ रुपये की परियोजना में सीवरेज, ड्रेनेज, ठोस कचरा प्रबंधन और विरासत संरक्षण कार्यों पर रहेगा विशेष फोकस।
डीग। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के तहत डीग शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर बुधवार को पंचायत समिति सभागार में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कसवां ने की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना डीग की शहरी तस्वीर बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जनसहभागिता, विभागीय समन्वय तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों के साथ परियोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विकास कार्यों को लेकर सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त किए गए।
जनसहभागिता से होगा सफल क्रियान्वयन
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कसवां ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से परियोजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और लोगों को विकास कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए कि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं। विशेष रूप से सीवरेज परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता अपनाने पर जोर दिया गया।
41.10 करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे
कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पंचम चरण की परियोजना का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बताया कि 41.10 करोड़ रुपये की परियोजना में विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
इनमें—
- 32.71 करोड़ रुपये अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित जल के पुनः उपयोग पर।
- 1.91 करोड़ रुपये बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्यों पर।
- 2.68 करोड़ रुपये कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास पर।
- 3.79 करोड़ रुपये ठोस कचरा प्रबंधन एवं निस्तारण कार्यों पर व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि परियोजना का वित्तपोषण एशियन विकास बैंक के सहयोग से किया जा रहा है।
वृत्तचित्र प्रदर्शन और खुला संवाद
कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। इसके बाद आयोजित खुले सत्र में प्रतिभागियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव एवं प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया।
आरयूआईडीपी अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कार्यशाला के दौरान प्राप्त उपयोगी सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में शामिल किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन, मीडिया प्रतिनिधि, महिलाएं एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।