जिला कलक्टर ने किया अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण


आमजन से सतर्क रहने की अपील

सवाई माधोपुर 5 जुलाई। जिले में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण सवाई माधोपुर शहर सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलक्टर काना राम ने राजबाग पुलिया, सिटी बस स्टैंड, गोपाल का मंदिर पुलिया, लटिया नाला, खेरदा ब्रिज क्षेत्र सहित अन्य जलभराव प्रभावित इलाकों का दौरा किया और मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को त्वरित राहत कार्य, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के कारण उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें।
जिला कलक्टर ने सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ तथा बाढ़ राहत से जुड़े समस्त विभागों को 24 घंटे सक्रिय रहने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लटिया नाले के तेज बहाव से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी व अन्य आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र बहाली के निर्देश भी प्रदान किए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि संभावित भारी बारिश को देखते हुए निचले क्षेत्रों और जर्जर भवनों में रह रहे नागरिक सतर्क रहें एवं आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित हो जाएं। जिला प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 07462-220602, 07462-220201 तथा टोल फ्री नंबर 1070 पर तत्काल संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी सवाई माधोपुर अनूप सिंह, नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now