शांति, सौहार्द, हर्बल रंगों के उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्व मनाने की अपील
सवाई माधोपुर, 28 फरवरी। जिला कलक्टर काना राम ने रंगों के पावन पर्व होली एवं धुलण्डी (2 एवं 3 मार्च) के अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, उल्लास, सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। इस वर्ष होली के साथ पवित्र रमज़ान माह का संयोग आपसी सद्भाव, एकता और पारस्परिक सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
जिला कलक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए त्योहार को शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर संयम और मर्यादा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध या सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का भी आग्रह किया गया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दृष्टिगत तेज ध्वनि में डीजे या लाउडस्पीकर के उपयोग से बचें, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही होली खेलते समय प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों का उपयोग करें तथा रासायनिक रंगों से परहेज करें। जल का अनावश्यक उपयोग न करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचत का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की गई।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की भावनाओं का सम्मान करने, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कामना की कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली लाए तथा जिले में शांति, सद्भाव और भाईचारे की परंपरा और अधिक सुदृढ़ हो।
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।