डीएसबी छात्रसंघ चुनाव में भानु प्रताप अध्यक्ष और कमल कार्की सचिव निर्वाचित


भानु प्रताप सिंह चौहान को 1355 वोट, शुभम कुमार को 873 और हिमांशु आर्या को 283 मत मिले, कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में हुए छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में काला झंडा समर्थित प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। उन्होंने एबीवीपी समर्थित शुभम कुमार और हिमांशु आर्या को पीछे छोड़ते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था।

भानु प्रताप को मिले 1355 वोट

डीएसबी परिसर में कुल 5318 मतदाता थे, जिनमें से 2535 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। मतगणना में भानु प्रताप सिंह चौहान को 1355 मत, शुभम कुमार को 873 मत और हिमांशु आर्या को 283 मत मिले।

भानु प्रताप की जीत के बाद उनके समर्थकों ने नारेबाजी कर खुशी जताई। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं का आभार जताते हुए कॉलेज हित में काम करने की बात कही।

छात्रा संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के परिणाम

छात्रा संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का को 1614 मत और गौरी को 619 मत मिले। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत ने 1165 मत हासिल किए, जबकि विदुषी वर्मा को 1147 मत मिले।

कमल कार्की सहित कई प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

कुछ पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। इनमें सचिव पद पर कमल कार्की, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी और सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी शामिल हैं।

संकाय प्रतिनिधि पदों पर संध्या कापड़ी, अनिल कुमार और दिव्यांशी भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

निर्वाचन अधिकारियों ने कराई शपथ

चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या और डॉ. ललित तिवारी ने छात्रसंघ 2026-27 के परिणाम की विधिवत घोषणा की। इसके बाद निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।

भानु प्रताप की मां भी इस दौरान उनके साथ नजर आईं। वे हल्द्वानी नगर निगम की पार्षद हैं और बेटे के चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए डीएसबी परिसर में दाखिला लेने के कारण भी चर्चा में रहीं।

शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ चुनाव

चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन और कॉलेज प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान और मतगणना के दौरान किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं सामने आई और चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रो. शशि पांडे, प्रो. दीपक कुमार आर्या, डॉ. मनोज बिष्ट सहित कॉलेज प्रशासन और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *