कुशलगढ़, बांसवाड़ा।अरुण जोशी। उपखंड अधिकारी राकेश कुमार न्योल के निरीक्षण में सर्वप्रथम प्रातः 10.50 बजे पशु चिकित्सालय, भगतपुरा का औचक निरीक्षण किया गया। वक्त निरीक्षण पशु चिकित्सक मय समस्त स्टाफ उपस्थित पाए गए। पशु चिकित्सालय भगतपुरा के चिकित्सक से उपखण्ड अधिकारी को ज्ञात हुआ कि पशु चिकित्सालय भगतपुरा का पट्टा आज दिनांक तक नहीं बना है, उनका भवन पुरानी ग्राम पंचायत भवन में चल रहा है। जिस पर उपखंड अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत भगतपुरा के ग्राम विकास अधिकारी देवेंद्र शाह तो तुरंत मौके पर बुलाकर पशु चिकित्सालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का पट्टा जारी करने हेतु नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात प्रातः 11.00 बजे आयुष्मान आरोग्य मंदिर भगतपुरा का औचक निरीक्षण किया गया। वक्त निरीक्षण समस्त स्टाफ उपस्थित मिले। केवल श्रीमती सावित्री मईडा योगा टीचर अनुपस्थित मिली, उपस्थिति रजिस्टर में भी दिनांक 01.02.26 से हस्ताक्षर नहीं मिले। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी द्वारा दवाइयों की जानकारी ली गई, उपस्थित कार्मिक द्वारा बताया गया कि कुल 121 प्रकार की दवाइयों में से 60 प्रकार की दवाईयां उपलब्ध हैं। तत्पश्चात प्रातः 11.05 बजे ग्राम पंचायत भगतपुरा का निरीक्षण किया गया, सभी स्टाफ उपस्थित मिले, निरीक्षण में ग्राम विकास अधिकारी से विभागीय कार्यों की जानकारी ली तथा उपखंड अधिकारी ने पूर्व में स्वीकृत सभी कार्यों में गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात दोपहर 12.10 बजे राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय पाटन के मुख्य द्वार पर ताले लगे हुए मिले। उसके बाद दोपहर 12.15 बजे ग्राम पंचायत वरसाला भवन बंद मिला, मुख्यद्वार पर ताले लगे मिले व दोपहर 12.50 बजे ग्राम पंचायत चोखवाड़ा भवन भी बंद मिला तथा मुख्यद्वार पर ताले लगे मिले । उपखंड अधिकारी के निरीक्षण के दौरान बार बार ग्राम पंचायत में कार्यालय समय में ही ताले लगे मिलने से विकास अधिकारी को संबंधित ग्राम विकास अधिकारी पर नोटिस कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।