डीग।अमरदीप सेन। सोमवार दोपहर डीग-गोवर्धन मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक सुरेश (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वह गोवर्धन से डीग आ रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, बेताल मोहल्ला निवासी सुरेश दोपहर करीब 1:30 बजे अपना ई-रिक्शा चलाकर गोवर्धन से डीग लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेश के शव को डीग अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित किया गया।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सुरेश के शव का पोस्टमार्टम कराया। सुरेश अविवाहित थे और अपने तीन भाइयों में सबसे बडे थे। वह ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करते थे।
डीग कोतवाली के एएसआई राजवीर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।