कर्मचारियों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है ईएसआईसी: संयुक्त निदेशक दीपक चौरसिया


मेवाड़ चैम्बर के सहयोग से कर्मचारी राज्य बीमा निगम के 75वें स्थापना दिवस पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के सहयोग से सह-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा उद्योग प्रबंधन को ईएसआईसी की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में उद्योगों के एचआर हेड, कर्मचारी तथा उनके आश्रित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यशाला में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के उपक्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर के निदेशक निखिल कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से निगम की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कई प्रकार की योजनाएं संचालित करता है। इन योजनाओं में आश्रित जनहित लाभ, निःशक्तता हित लाभ, चिकित्सा हितलाभ, मातृत्व हितलाभ तथा कोविड राहत योजना सहित अन्य कई सुविधाएं शामिल हैं। ईएसआईसी के उपक्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर के संयुक्त निदेशक दीपक चौरसिया ने कहा कि भीलवाड़ा जिले में विभिन्न कंपनियों और उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए ईएसआईसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और उनके आश्रितों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। निगम की टीम “हम आपके द्वार” की भावना के साथ उद्योगों तक पहुंचकर कर्मचारियों को योजनाओं की जानकारी दे रही है, ताकि वे अपने अधिकारों और सुविधाओं के प्रति जागरूक हो सकें। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश तिवाड़ी ने ईएसआई चिकित्सालय एवं इसके अधीन संचालित डिस्पेंसरियां में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी के माध्यम से कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अवसर पर ईएसआई शाखा भीलवाड़ा के शाखा प्रबंधक ललित किशोर महावर ने भीलवाड़ा शाखा में उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी देते हुए पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न लेबर कोड, पंजीयन प्रक्रिया और योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। कार्यशाला के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों, एचआर अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईएसआईसी से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों को ईएसआईसी की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अन्य कर्मचारियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। ईएसआईसी की प्रमुख योजनाओं में आश्रित जनहित लाभ, निःशक्तता हित लाभ, चिकित्सा हित लाभ, मातृत्व हित लाभ, कोविड राहत योजना, श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं शामिल है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now