ब्लॉक मुख्यालय पर निवास नहीं करतीं बीडीओ,अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी कर रहे मनमानी
प्रयागराज। खंड विकास अधिकारी ब्लॉक मुख्यालय पर बने सरकारी आवास पर निवास नहीं करती हैं। ब्लॉक कार्यालय परिसर में बीडीओ के रहने के लिए आवास बना हुआ है। इसके निर्माण कार्य में लाखों रुपए खर्च किए जा चुके हैं लेकिन अधिकारी यहां निवास नहीं करते हैं। इसलिए अधिकारियों व कर्मचारियों के आवागमन का भी समय निर्धारित नहीं है। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बीडीओ के इस रवैए के कारण अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मनमानी कर रहे हैं। कर्मचारियों के कार्यालय आवागमन का समय मनमर्जी पर निर्भर है। ऐसे में फरियादियों को समस्याएं हो रही हैं।जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साफ आदेश है कि जिले के सभी अधिकारी अपने सरकारी आवास में ही निवास करेंगे। बीडीओ को भी ब्लॉक मुख्यालय पर ही निवास करना है। लेकिन फिर भी यहां सीएम के आदेश का पालन होता नहीं दिख रहा है। इसके अलावा बीडीओ के द्वारा रात्रि मेंआवास पर निवास नहीं करने से सचिवों के बने आवास खाली पड़े रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विकासखंड शंकरगढ़ में तैनात सहायक विकास अधिकारी, समस्त ग्राम पंचायत अधिकारी, अवर अभियंता, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी व खंड विकास अधिकारी सहित समस्त स्टाफ रात्रि शहर व अपने घर जाकर निवास करते हैं। जबकि शासन का स्पष्ट आदेश है कि समस्त अधिकारी व कर्मचारी अपने तैनाती स्थल पर ही रात्रि विश्राम करेंगे। शासकीय आवास है तो वहां रहें अथवा किराए का आवास लेकर अपने ही तैनाती क्षेत्र में रात्रि विश्राम करें। शासन के सख्त निर्देश के बाद भी जिला स्तरीय अधिकारी ब्लॉक मुख्यालय पर रुकना मुनासिब नहीं समझते। इन अफसरों के कार्यालय से दोपहर बाद चले जाने और सुबह देर से आने के कारण आमजन को अपनी परेशानियों के निस्तारण को लेकर इधर-उधर भटकना पड़ता है। शंकरगढ़ ब्लाक में 76 ग्राम पंचायतों के बीच संचालित हो रहे विकास का जिम्मा संभाले ब्लॉक मुख्यालय पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के समय से न मिलने पर विकास कार्य कैसे चल रहा है इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। सीएम योगी का आदेश यहां नाकाफी साबित हो रहा है। इस बाबत खंड विकास अधिकारी आईएएस भारती मीणा से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर फोन नहीं लगने से जानकारी नहीं मिल सकी।

2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।