- श्रीनाथजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर मांगी देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
- पूंछरी का लौठा पहुंचने पर गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने की अगवानी
- ब्रजभूमि के रंग में रंगे मुख्यमंत्री: सपत्नी लगाई पांच दंडवती, परिक्रमा मार्ग में उमड़ा जनसैलाब, ‘गिरराज महाराज’ के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
अमर दीप सेन डीग, 31 दिसंबर। ब्रज की पावन धरा और आराध्य देव गोवर्धन गिरराज महाराज की शरण में नववर्ष की पूर्व संध्या पर एक अलौकिक दृश्य देखने को मिला। राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को डीग जिले के पूंछरी का लौठा पहुंचकर श्री श्रीनाथजी के दर्शन किए और राष्ट्र एवं प्रदेश की खुशहाली के लिए विशेष अनुष्ठान किया। मुख्यमंत्री महोदय ने सामान्य श्रद्धालु की भांति भक्तिभाव से ‘पांच दंडवती’ (साष्टांग प्रणाम) लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा का शुभारंभ किया।
हेलीपैड पर राजकीय सम्मान के साथ अगवानी
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा दोपहर में हेलीकॉप्टर द्वारा पूंछरी का लौठा हेलीपैड पहुंचे। यहाँ गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म की गरिमामयी उपस्थिति में प्रशासन ने उनकी अगवानी की। इस दौरान भरतपुर संभाग और डीग जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों— संभागीय आयुक्त डॉ. नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री कैलाश चंद बिश्नोई, जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री उत्सव कौशल तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री ओम प्रकाश मीना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री महोदय का स्वागत किया।
राष्ट्र-कल्याण का संकल्प: श्रीनाथजी के दर्शन
हेलीपैड से मुख्यमंत्री महोदय सीधे श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री जी ने आराध्य देव से विकसित राजस्थान के संकल्प की सिद्धि और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
दंडवत परिक्रमा और जन-संवाद
पूजा-अर्चना के पश्चात, मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ पांच दंडवती परिक्रमा लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा की शुरुआत की। परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी के अभिवादन को स्वीकार किया। पूरा परिक्रमा मार्ग “बोलो गिरराज महाराज की जय” के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा। मुख्यमंत्री ने जतीपुरा स्थित मुखारविंद पर अभिषेक कर देश प्रदेश की खुशहाली की कामना की तथा संपूर्ण परिक्रमा मार्ग में गिरिराज जी के जयकारों राधे राधे श्री कृष्ण के भक्ति भाव के साथ आमजन का अभिवादन स्वीकार करते हुए परिक्रमा को आगे बढ़ाया। उन्होंने रास्ते में विभिन्न मंदिरों में ढोक लगाई, मानसी गंगा एवं दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी महाराज की विशेष पूजा अर्चना की।
प्रशासनिक मुस्तैदी
जिला कलेक्टर श्री उत्सव कौशल और एसपी श्री ओम प्रकाश मीना के नेतृत्व में परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।