राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस


स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत का सशक्त माध्यम है – भार्गव

जयपुर 2 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजयदशमी पर्व एवं संघ के शताब्दी वर्ष के प्रारंभ के अवसर पर गुरुवार को जयपुर महानगर की केशव नगर इकाई की पार्श्वनाथ बस्ती द्वारा श्याम नगर के शिवाजी पार्क में विशेष शस्त्र पूजन किया गया। संघ के शस्त्र पूजन कार्यक्रम के बाद शाखा में बड़ी संख्या में पूर्ण गणवेश पहनकर पहुंचे स्वयंसेवकों ने योग, आसन, प्राणायाम और लाठी चलाने की कलाओं का प्रदर्शन किया।
संघ स्थापना दिवस विजयदशमी और शस्त्र पूजन कार्यक्रम के बौद्धिक कर्ता पूर्व महानगर कार्यवाह संजीव भार्गव ने संघ के 100 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए देश में स्वदेशी अपनाने, सामाजिक समरसता लाने के संघ के पंच प्रण उद्देश्य पर जोर दिया। भार्गव ने लोगों से समाज में एक कुआं, एक मंदिर और एक श्मशान की अवधारणा अपनाने और छुआछूत मुक्त भारत निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। भार्गव ने कहा कि स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत का सशक्त माध्यम है। उन्होंने संघ के सतत सेवा कार्यों एवं राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका को व्यापक रूप से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व न्यायाधीश केके सक्सेना ने विजयदशमी पर्व की महत्ता की बात करते हुए संघ के अनुशासनबद्ध सेवा कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि संघ के कार्य देश को मजबूत और एकजुट बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, केशव नगर के संघचालक विष्णु दत्त समतानी ने क्षेत्र में संघ के वार्षिक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें सामाजिक विकास, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों के बारे में आम जन को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, सामाजिक प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें सिविल लाइंस गोपाल शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष इंदु परमार, स्थानीय पार्षद राजू अग्रवाल, पार्षद एवं जिला मंत्री रेखा राठौड़, पार्षद राजेश कुमावत, पिंक सिटी प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राधारमण शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now