सेवा के अधिकारियों एवं डीएसपी ने दी सलामी
सूरौठ। गांव कसाने के नंगला में शनिवार को भारतीय सेना के नायब सूबेदार राम अवतार गुर्जर की सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। हिंडौन डीएसपी गिरधर सिंह सहित सेना के जवानों ने नायब सूबेदार राम अवतार गुर्जर के शव पर पुष्प चक्र अर्पित किए तथा सलामी दी। इस अवसर पर काफी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। अंत्येष्टि के दौरान ग्रामीणों ने भारत माता एवं शहीद राम अवतार गुर्जर अमर रहे के जयकारे लगाए।
असम प्रांत के फुलवाड़ी में 27 राजपूत बटालियन में तैनात नायब सूबेदार राम अवतार गुर्जर (45) की पार्थिव देह शनिवार को सुबह 11:30 बजे पैत्रक गांव कसाने का नंगला पहुंची तो गांव में कोहराम मच गया। शव के साथ सेना के लेस नायक करतार सिंह, सूबेदार उदयभान सिंह, बृजेंद्र सिह, देशराज, नायब सूबेदार तहयाल सिंह सहित सेना के काफी जवान थे। हिंडौन डीएसपी गिरधर सिंह, हुक्मी खेड़ा सरपंच सेवक राम डागुर सहित क्षेत्र के काफी लोगों ने नायब सूबेदार की शव यात्रा में शिरकत की। सेना के लेस नायक करतार सिंह ने बताया कि गांव कसाने का नंगला निवासी राम अवतार गुर्जर पुत्र सरदार गुर्जर असम प्रांत के फुलवाड़ी में 27 राजपूत बटालियन में नायब सूबेदार पद पर कार्यरत था। 45 वर्षीय राम अवतार गुर्जर ब्रेन ट्यूमर कैंसर बीमारी से पीड़ित था। 23 नवंबर 2024 को राम अवतार को कोलकाता के कमांडो हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था जहां उपचार के दौरान 30 जनवरी की शाम 5 बजे करीब राम अवतार की मृत्यु हो गई। नायब सूबेदार राम अवतार गुर्जर के शव को विमान से कोलकाता से जयपुर लाया गया तथा जयपुर से सुबह 11:30 बजे शव गांव कसाने का नंगला पहुंचा। अंत्येष्टि के दौरान सेना के जवानों ने परेड की तथा सेंन्य सम्मान के साथ सलामी दी। नायब सूबेदार राम अवतार सहित छः भाई थे। अब पांच भाई और है। तीन भाई सेना में, एक भाई पुलिस में तथा एक भाई खेती करता है। राम अवतार अपने पीछे दो लड़का एवं दो लड़की छोड़ कर गया है। नायब सूबेदार राम अवतार ने कारगिल युद्ध में भी भाग लिया था।