गंगापुर सिटी में मेगा हाईवे और शहर की सड़कें बदहाल, हादसों का बढ़ा खतरा


कोटा-सवाई माधोपुर-लालसोट-हिंडौन-भरतपुर मार्ग सहित शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों के शीघ्र निर्माण की आमजन ने उठाई मांग।

गंगापुर सिटी। गंगापुर सिटी से गुजरने वाले कोटा–इंदरगढ़–सवाई माधोपुर–भाड़ौती–लालसोट–हिंडौन–भरतपुर मेगा हाईवे सहित शहर के कई प्रमुख मार्ग इन दिनों जर्जर स्थिति में हैं। जगह-जगह बने गड्ढों, उखड़ी सड़क और नुकीले पत्थरों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़कें आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

सबसे अधिक समस्या गंगापुर सिटी–हिंडौन मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज और हिंडौन–करौली बाईपास तिराहे पर बनी हुई है। यहां वर्षों से सड़क क्षतिग्रस्त है और बरसात के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं। सड़क पर बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है।

मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व में सड़क की खराब स्थिति को लेकर रीडकोर कंपनी और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से कई बार शिकायत की गई थी। इसके बाद सड़क पर केवल मोरम और बड़े पत्थर डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, जबकि डामरीकरण या सीसी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप सड़क फिर से गड्ढों में तब्दील हो गई।

ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन और भारी परिवहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की नियमित मरम्मत नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

टोल वसूली जारी, लेकिन सड़कें बदहाल

लोगों ने सवाल उठाया कि मेगा हाईवे परियोजना के तहत विभिन्न स्थानों पर टोल टैक्स की वसूली की जा रही है, लेकिन सड़कों के रखरखाव और समय पर मरम्मत पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि यदि टोल लिया जा रहा है तो यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सड़क सुविधा भी मिलनी चाहिए।

नगर परिषद क्षेत्र की सड़कें भी जर्जर

केवल हाईवे ही नहीं, बल्कि नगर परिषद गंगापुर सिटी क्षेत्र की कई कॉलोनियों और मुख्य मार्गों की स्थिति भी खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलदाय विभाग और सीवर लाइन कार्य के दौरान एलएनटी कंपनी द्वारा कई सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उन्हें पूर्ववत नहीं बनाया गया।

सालोदा, सैनिक नगर, राजकीय कॉलेज क्षेत्र, उदेई मोड़, ईदगाह, मिर्जापुर, शहीद नगर सहित कई क्षेत्रों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। इससे एक तरफ यातायात बाधित हो रहा है तो दूसरी ओर जाम और दुर्घटनाओं की समस्या भी बढ़ रही है।

स्थायी समाधान की उठी मांग

स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों से मेगा हाईवे तथा शहर की जर्जर सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने, गड्ढों की स्थायी मरम्मत करने तथा जलभराव की समस्या का समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़कें दुरुस्त नहीं की गईं तो दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *