गंगापुर सिटी में नवदुर्गा को छप्पन भोग, 1100 दीपों से महाआरती


सीताराम मंदिर में गरबा नृत्य और महाप्रसादी वितरण, नवरात्र महोत्सव में अष्टमी से दशमी तक होंगे धार्मिक आयोजन

गंगापुर सिटी। पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में नवदुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में नवरात्र महोत्सव के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को अष्टमी के अवसर पर भक्तों की ओर से मां दुर्गा को छप्पन भोग लगाया गया। छप्पन भोग के दर्शन सोमवार को भी श्रद्धालुओं के लिए खुले रहे। इससे पहले मंदिर परिसर में 1100 दीपों से महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया।

1100 दीपों से हुई महाआरती

नवरात्र महोत्सव के दौरान आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं ने 1100 दीप प्रज्वलित कर मां दुर्गा की आराधना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। महाआरती में विजय मित्तल अतेवा, दिनेश करणपुर, रमेश शर्मा पडासोट, विष्णु गुप्ता, वेद प्रकाश मंगल, राधामोहन गोयल, अजय पाराशर, प्रेमचंद तलवाड़ा, हेमेंद्र बोहरा, डीके गार्ड, श्याम शर्मा, सेवा कीर्ति कुमार, किरोड़ी लाल पत्रकार, बनवारी पत्रकार, अनुज शर्मा, दीपक सिंघल और महेश पंसारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

माता के भजनों पर महिलाओं ने किया गरबा

महाआरती के बाद मंदिर परिसर में डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने मां दुर्गा के भजनों पर गरबा और डांडिया नृत्य किया। धार्मिक गीतों की धुन पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

मां दुर्गा को लगाया गया विभिन्न प्रसाद का भोग

मां दुर्गा को श्रद्धालुओं की ओर से विभिन्न प्रकार के प्रसाद अर्पित किए गए। बनवारी बाबा पत्रकार ने रबड़ी, लड्डू लाल वैद्य ने सेब और पूर्व उपसभापति दीपक सिंघल ने पेठे का भोग लगाया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

नवमी पर मां सिद्धिदात्री का विधि-विधान से पूजन

सोमवार को नवमी के अवसर पर पंडित दीपक कृष्ण शास्त्री सहित 11 विद्वान पंडितों ने सामूहिक रूप से मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री का विधि-विधान से पूजन कराया।

पंडित दीपक शास्त्री ने बताया कि मां सिद्धिदात्री को भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली देवी माना जाता है। नवरात्र के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रात्रि में होगी पावन आहुति, दशमी पर कन्या पूजन

आयोजन से जुड़े अनुज शर्मा ने बताया कि सोमवार रात्रि को मंदिर परिसर में पावन आहुति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, मंगलवार को दशमी के अवसर पर कन्या पूजन और कन्याओं को भोजन कराने के बाद भंडारे का आयोजन होगा।

नवदुर्गा सेवा समिति की ओर से आयोजित नवरात्र महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, महाआरती, गरबा और प्रसादी वितरण के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *