उप जिला कलेक्टर विनोद कुमार गोदारा की अध्यक्षता में निजी विद्यालय संचालकों ने किया विचार-विमर्श, 18 वर्ष पूरे कर चुके विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर जोर
गंगापुर सिटी। स्कूल शिक्षा परिवार के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता सारांश जैन ने बताया कि उप जिला कलेक्टर कार्यालय, गंगापुर सिटी में उप जिला कलेक्टर विनोद कुमार गोदारा की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा परिवार के पदाधिकारियों एवं निजी विद्यालय संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों तथा मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने तथा युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करने और इस अभियान में निजी विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
जिलाध्यक्ष अनुज शर्मा ने दिया जागरूकता का संदेश
स्कूल शिक्षा परिवार के जिलाध्यक्ष अनुज शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। निजी विद्यालय समाज में जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों से अपील की कि वे 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दें और उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें।
ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई ने की सहभागिता की अपील
स्कूल शिक्षा परिवार के ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई ने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। प्रत्येक पात्र युवा को अपने मताधिकार का महत्व समझना चाहिए तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने निजी विद्यालय संचालकों से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाने और प्रशासन के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में स्कूल शिक्षा परिवार के जिलाध्यक्ष अनुज शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई, विष्णु शर्मा, विवेक पाठक, चंद्रमोहन वैष्णव, राजेश शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह नापित, छविकांत शर्मा, ओमप्रकाश महावर, राजेश दुबे, अजय मंगल, चेतन अग्रवाल, अजय सिन्हा, राजेंद्र कुमार छीपा और लक्ष्मीकांत सहित स्कूल शिक्षा परिवार के कार्यकारिणी सदस्य, जिला पदाधिकारी एवं विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने तथा प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इस कार्य को प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
अंत में स्कूल शिक्षा परिवार की ओर से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने पर जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।