कूड़ा जलाकर वायु प्रदूषित कर रहा नगर पंचायत
जलाया जा रहा कूड़े का ढेर धुएं से सांस लेना हुआ दुश्वार
प्रयागराज। एक ओर आदर्श नगर पंचायत प्रशासन शंकरगढ़ प्रदूषण नियंत्रण के लिए तमाम दावे कर रही है तो दूसरी ओर नगर पंचायत के कर्मचारी ही कूड़े में आग लगाकर वायु प्रदूषण करने में लगे हैं। नगर में पेयजल व सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पंचायत की है। जल संरक्षण व वायु प्रदूषण पर नियंत्रण का जिम्मा भी उसी का है। नगर पंचायत की ओर से नियुक्त सफाई कर्मचारी पूरे नगर से कचरा एकत्र कर जहां-तहां रोड के किनारे डाल देते हैं। इस व्यवस्था में कुछ कर्मचारी अपनी मनमानी के चलते नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। नगर पंचायत के महिला अस्पताल के पास बना सुलभ कांप्लेक्स तो नहीं चालू हो सका मगर उसके पास कूड़े कचरे का ढेर जरूर लग गया है। यहां मवेशियों के झुंड कूड़े को फैला देते हैं, इससे यहां रहने वाले लोगों के लिए कूड़े की बदबू से जीना मुहाल हो रहा है। रास्ते से गुजरने वाले बच्चों व नगरवासियों के लिए भी आना-जाना दूभर हो रहा है। इसी कूड़े के देर में कुछ कर्मचारी एकत्र किया गया कूड़ा पन्नी आदि में आग लगा देते हैं। इससे यहां बदबू के साथ भारी प्रदूषण भी फैल रहा है। नागरिकों की मानें तो कुछ कर्मचारी यहां रोजाना कूड़े में आग लगा देते हैं इससे दिन भर धुआं और बदबू फैली रहती है जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत के जिम्मेदारों की लापरवाही से मोहल्ले के लोगों की सुरक्षा और स्वच्छता प्रभावित हो रही है। प्रदूषण के चलते लोगों की जान जोखिम में है जिस प्रकार से कूड़े कचरे में आग लगाया जा रहा है कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। महिला अस्पताल के पास विस्फोटक स्थिति बनने से नकारा नहीं जा सकता। तस्वीरें झूठ नहीं बोलती तस्वीरें साफ बयां कर रही है कि नगर पंचायत की बदहाल स्थिति और भ्रष्टाचार के इमारत की जो पटकथा लिखी जा रही है वह लोगों के जेहन में बड़ा सवाल खड़ा कर रही है कि क्या ईओ और नगर अध्यक्षा की मिली भगत से भ्रष्टाचार का खेल चरम पर है या हमाम में सभी नंगे हैं।

2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।