समाज की निगरानी में होगा सड़कों का विकास – गोपाल शर्मा


जयपुर 18 फरवरी। सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के विकास कार्य को गति देने के लिए विधायक गोपाल शर्मा ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में विकास कार्यों के सुचारु क्रियान्वयन और निगरानी में क्षेत्र के प्रमुख लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय किया गया।
विधायक शर्मा ने सिविल लाइंस क्षेत्र में 5 करोड़ रुपए की स्वीकृत सड़कों के कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति के बारे में अवगत करवाया। शर्मा ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही, डीएलबी पीरियड में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत भी जल्द से जल्द कराने को कहा।
बैठक में यह तय किया गया कि जिन स्वीकृत सड़कों का अभी तक निर्माण नहीं हुआ है, उनका काम बरसात आने से पहले पूरा कर लिया जाए। गुर्जर की थड़ी से शास्त्री नगर तक सड़कें विकसित करने के लिए चिह्नित की जाएंगी। साथ ही, कांग्रेस के शासनकाल में निर्मित खराब गुणवत्ता की सड़कों की जांच करके दोषी ठेकेदारों से जुर्माना वसूलकर मरम्मत करवाई जाएगी। विधायक शर्मा ने कहा कि सिविल लाइंस वासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now