बृज होली महोत्सव-2026 का डीग में भव्य शुभारंभ: सतरंगी फव्वारों और पारंपरिक खेलकूद से सराबोर हुआ बृज अंचल


अमरदीप सेन डीग, 26 फरवरी। राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बृज होली महोत्सव-2026 का गुरुवार को डीग में अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने गुब्बारे उड़ाकर भव्य शुभारंभ किया कार्यक्रम में जिला कलक्टर डीग उत्सव कौशल, जिला कलक्टर भरतपुर कमर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर डीग श्री राजकुमार कस्वां, भरतपुर विकास प्राधिकरण बीडीए के आयुक्त कनिष्क कटारिया तथा जिला परिषद भरतपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की इस उपस्थिति ने महोत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को बल प्रदान किया।

महोत्सव का सर्वप्रमुख आकर्षण ऐतिहासिक डीग महल के सुप्रसिद्ध रंगीन फव्वारों का संचालन रहा। सायं 4:00 बजे जैसे ही महल परिसर में विभिन्न रंगों की जलधाराएं फव्वारों के माध्यम से आसमान की ओर उठीं, उपस्थित देशी-विदेशी पर्यटक और आमजन इस ऐतिहासिक एवं मनमोहक दृश्य को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। दिन भर के उल्लास के पश्चात सायं 7:00 बजे से डीग महल परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थानी लोक कलाकारों ने अपनी सतरंगी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिसने बृज की समृद्ध लोक कलाओं को जीवंत कर दिया।

इससे पूर्व प्रातःकाल मेला मैदान और डीग महल परिसर में विभिन्न ग्रामीण खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया, जिनमें अंचल की प्रतिभाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिणामों के अनुसार, मटका दौड़ प्रतियोगिता में अस्तावन की प्रिया ने प्रथम तथा लक्ष्मी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं नींबू दौड़ में वर्षा विजेता एवं कीर्ती उपविजेता रहीं। बोरी दौड़ में श्रीराम स्कूल की सुहाना ने बाजी मारी। ग्रामीण अंचल के लोकप्रिय खेल रस्सा-कस्सी के महिला वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अऊ ने प्रथम तथा एकता कोचिंग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में एमजेएफ डीग विजेता रहा। कबड्डी (पुरुष वर्ग) में राउमावि अऊ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

यह भी पढ़ें :  पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती: प्रवीण चौधरी

कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में झलक पण्डित एवं जूनियर वर्ग में प्रशान्त सोनी ने प्रथम स्थान अर्जित किया। रंगोली प्रतियोगिता में बांकेबिहारी की प्रिया सैनी ने अपनी कला का श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मेंहदी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में निरुपमा शर्मा तथा जूनियर वर्ग में गौरी गोयल विजेता रहीं। महोत्सव की एक अनूठी सांस्कृतिक स्पर्धा ‘मूंछ प्रतियोगिता’ ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया, जिसके सीनियर वर्ग में पुष्पेन्द्र कौरेर ने प्रथम एवं छोटे लाल सैनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में दुर्गेश फौजदार विजेता रहे।

महोत्सव के दूसरे दिन 27 फरवरी (शुक्रवार) को कामां क्षेत्र में पारंपरिक होली के विभिन्न स्वरूपों का गरिमामय आयोजन होगा। प्रातःकाल लाल दरवाजा कामां पर विधि-विधान से गणेश पूजन के साथ कार्यक्रमों का श्रीगणेश किया जाएगा। इसके पश्चात कामां के प्रमुख मंदिरों में गुलाल होली, दूध-दही होली एवं लट्ठमार होली के पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। दोपहर में राजस्थानी लोक कलाकारों की एक भव्य शोभायात्रा निकाली सायं 6:00 बजे पवित्र विमल कुंड पर महा आरती एवं दीपदान का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now