मुख्यमंत्री राजस्थान की फ्लैगशिप पंच गौरव योजना एवं एक जिला एक खेल के अंतर्गत जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


डीग, 14 मार्च 2026। डीग मुख्यालय स्थित मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पंच गौरव योजना तथा एक जिला एक खेल कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अंचल की नवोदित खेल प्रतिभाओं को एक सुदृढ़ और पारदर्शी मंच प्रदान करना है।

समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलक्टर डीग राजकुमार कस्वा ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करते हुए अत्यंत सारगर्भित एवं प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। श्री कस्वा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने हेतु कृतसंकल्पित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंच गौरव योजना और एक जिला एक खेल जैसी फ्लैगशिप नीतियां केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करने तक सीमित नहीं हैं, अपितु यह हमारे युवाओं को शारीरिक सौष्ठव, मानसिक दृढ़ता और अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर करने का एक महायज्ञ है। कुश्ती केवल बल का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह हमारी माटी की वह गौरवशाली परंपरा है जो युवाओं को संयम, रणनीति और त्वरित निर्णय क्षमता सिखाती है। राज्य सरकार का यह निरंतर प्रयास रहा कि डीग जिले की प्रतिभाओं को हर संभव ढांचागत सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे वे राष्ट्रीय पटल पर जिले का गौरव बढ़ा सकें।

यह भी पढ़ें :  पिला मंगरा जंगल कटाई मामला: 10 हजार का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य दिलीप सिंह द्वारा की गई। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में हरि पहलवान पास्ता, नवल पहलवान शाहपुर, चंद्रभान सिंह, रामअवतार पहलवान डीग, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक गौतम सिंह तथा शिवराम पहलवान परमदरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार खुराना ने विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शिरकत की। संपूर्ण कार्यक्रम का सुचारु एवं सफल संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक एवं डिप्टी प्रिंसिपल वीरेन्द्र सिंह द्वारा संपन्न किया गया।

प्रतियोगिता में डीग जिले के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पूर्ण उत्साह एवं खेल भावना के साथ विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खेल आयोजन को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने हेतु निर्णायक मंडल में टिंकू खान, धीरज सिंह, शकुंतला सैनी, खेलो इंडिया प्रशिक्षक सचिन गुहाना, दशरथ सिंह, अनिल कुमार एवं बाबू सिंह ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। अंडर-15 आयु वर्ग के अंतर्गत 34-38 किलोग्राम भार वर्ग में परमदरा के अभिषेक, 41 किलोग्राम में पास्ता के टीकम, 44 किलोग्राम में पास्ता के लवकुश, 48 किलोग्राम में कृष्ण कुंज डीग के मनीष, 52 किलोग्राम में डीग के आर्यन, 57 किलोग्राम में डीग के हर्ष, 62 किलोग्राम में डीग के रीतेश, 68 किलोग्राम में बलदेव वास के अनिरुद्ध, 75 किलोग्राम में योगेश तथा 85 किलोग्राम भार वर्ग में पास्ता के सुधांशु ने विजय प्राप्त की। इसी प्रकार, अंडर-17 आयु वर्ग में 48 किलोग्राम भार वर्ग में तरुण सैनी, 51 किलोग्राम भार वर्ग में मोहिन खान, 55 किलोग्राम में टांकोली के सुमित, 60 किलोग्राम में परमदरा के लखन, 65 किलोग्राम में डीग के यश चौधरी, 71 किलोग्राम में डीग के विकास, 80 किलोग्राम में उमेश तथा 110 किलोग्राम भार वर्ग में सिनसिनी के अंशुल ने अपने-अपने मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत दर्ज की।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now