डीग: रारह ग्राम पंचायत में स्मार्ट क्लास और सोलर हाई-मास्ट लाइट परियोजना का भव्य शुभारंभ

पूर्व सांसद रंजीता कोली के प्रयासों से बदली रारह की सूरत, सीएसआर फंड से मिली आधुनिक शिक्षा और रोशनी की सौगात

डीग, 16 मई।अमरदीप सेन।  माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में डीग जिले की आदर्श ग्राम पंचायत रारह में विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। रारह ग्राम पंचायत में आधुनिक शिक्षा और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट क्लास एवं सोलर हाई-मास्ट लाइट परियोजना का भव्य शुभारंभ किया गया।

पेट्रोलियम मंत्री के सीएसआर फंड से मिली सौगात

भारतीय जनता पार्टी की पूर्व सांसद श्रीमती रंजीता कोली के अथक प्रयासों से भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी के सीएसआर (CSR) फंड के माध्यम से यह विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इसके तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रारह में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासेस स्थापित की गई हैं। तकनीक आधारित इन कक्षाओं से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, रारह के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सोलर हाई-मास्ट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र रात में दूधिया रोशनी से जगमगाएगा।

अतिथियों का 31 किलो की माला से भव्य स्वागत

ग्राम पंचायत रारह में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सरपंच श्रीमती कुसुम सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद श्रीमती रंजीता कोली उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शिवानी दयमा, जिला महामंत्री श्री भगवान दास शर्मा, वरिष्ठ नेता श्री गिरधारी लाल गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य श्री सुनील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष (शहर) श्रीमती अनामिका सिंह और मंडल महामंत्री श्री दुष्यंत सिंह शामिल हुए।

इस अवसर पर सरपंच कुसुम सिंह एवं पूर्व जिला महामंत्री मोहन रारह के नेतृत्व में समस्त ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का 31 किलो की विशाल माला पहनाकर, साफ़ा और दुपट्टा भेंट कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम में श्री रूपेन्द्र लुलहारा, श्री अनिल सिंह सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

क्षेत्र के विकास को दी जा रही है प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और स्थानीय विधायक डॉ. शैलेश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए भाजपा सरकार निरंतर कार्य कर रही है। भविष्य में भी इस प्रकार के ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में आयोजित इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ अध्यापक श्री सहदेव सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें:

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now