नंदनी रिसॉर्ट में जुटे राजस्थान सहित देशभर के गुजराती समाज के पदाधिकारी, गरबा, खेलकूद और सम्मान समारोह के साथ मनाया संगठन की 50 वर्षों की यात्रा का उत्सव
भीलवाड़ा। पांच दशक की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और संगठनात्मक सफर का उत्सव रविवार को हरनी महादेव स्थित नंदनी रिसॉर्ट में देखने को मिला। श्री गुजराती समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में राजस्थान सहित देश के विभिन्न शहरों से गुजराती समाज के पदाधिकारियों और समाजबंधुओं ने सपरिवार उत्साह के साथ भाग लिया।
दीपावली की खुशियों, पारंपरिक गरबे और आपसी आत्मीयता के बीच समाज की 50 वर्षों की यात्रा को याद किया गया। समारोह में आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक परंपराओं और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया। इस दौरान समाजजनों ने एक-दूसरे से मिलकर दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं भी साझा कीं।
देशभर से पहुंचे गुजराती समाज के पदाधिकारी
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल राजस्थान गुजराती समाज के अध्यक्ष जी.डी. पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश भाई मेहता (उदयपुर), अखिल भारत गुजराती समाज के अध्यक्ष संजय भाई पटेल तथा विश्व गुजराती समाज के सहसचिव पंकज भाई शाह मौजूद रहे।
उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, रामगंज मंडी, चित्तौड़गढ़, भोपाल और अहमदाबाद से आए समाज के अध्यक्षों एवं सदस्यों का स्थानीय गुजराती समाज की ओर से गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया। अलग-अलग शहरों से पहुंचे समाजबंधुओं की भागीदारी ने समारोह को व्यापक स्वरूप दिया।
नए सदस्यों का अभिनंदन, दिवंगत समाजजनों को दी श्रद्धांजलि
समारोह में सभी सदस्यों ने सपरिवार एक-दूसरे को दीपावली और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। समाज से जुड़े नए सदस्यों का अभिनंदन किया गया। वहीं, दिवंगत समाजजनों को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई और श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
गरबा और खेलकूद प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
कार्यक्रम में बच्चों एवं समाज के सदस्यों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पारंपरिक गरबे की प्रस्तुतियों ने समारोह में गुजराती संस्कृति की विशेष छटा बिखेरी। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेता बालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती अनिता चौहान (कोटा) ने किया। समारोह का समापन गुजरात गौरव गान एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद सभी समाजजनों ने सामूहिक स्नेह भोज का आनंद लिया।
समिति पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
इस अवसर पर समाज के संरक्षक प्रभुदेव पटेल, अध्यक्ष लतेश पटेल, उपाध्यक्ष गौरांग पटेल, सचिव विशाल पटेल और कोषाध्यक्ष महेश पटेल सहित राजेंद्र पटेल, अरविंद पंचाल, मुकेश पटेल, गुणवंत जैन, कौशिक पटेल, रजनी पटेल, मफत पटेल, गिरीश गोस्वामी, अमित पटेल, दयाल प्रजापति, महेश सोमाभाई पटेल, दिनेश प्रजापति, मालव पटेल और मोहित पटेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन सपरिवार उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।