विष्णु महायज्ञ में यजमानों ने किया दशविधि स्नान
बांसवाड़ा|लिमथान स्थित श्री परशुराम एवं श्रीकृष्ण धाम परिसर में मंगलवार को परशुराम के जयकारों के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। यहां हो रहे 101 कुण्डीय श्रीविष्णु महायज्ञ में मंगलवार को 25 गांवों के 106 यजमानों ने सपत्नीक हेमाद्रि स्नान किया। पौराणिक तीर्थ पर प्रारम्भ हुए इस विराट आयोजन को लेकर सर्व सनातन समाज में उत्साह बना हुआ है। सर्व समाज के सहयोग से विप्र फाउंडेशन के संयोजन में हो रहे आयोजन में विशाल यज्ञ मण्डप की संरचना की गई है। कार्यक्रम संयोजक विनोद पानेरी ने बताया कि रतलाम से तैयार करवाये गए शिखर सर्वतोभद्रमण्डल पर स्थापित कर प्रतिष्ठित किये जायेंगे। इनकी स्थापना पुरातन मंदिरों पर विधानपूर्वक की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर दोनों मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। सम्पूर्ण तैयारियां महायज्ञ के संरक्षक स्वामी विवेकानंद महाराज बड़ोदिया के सान्निध्य में कई गयी हैं। प्रधान आचार्य किशोर शुक्ला के आचार्यत्व में सभी यजमानों ने सपत्नीक दशविधि स्नान, हेमाद्रि श्रवण, वरुण स्नान, यज्ञोपवीत धारण एवं प्रायश्चित हवन किया गया। इसमें गौ दुग्ध, गौ घृत, गौमूत्र, गोबर, गौ दधि, मिट्टी, भस्म, कुशा, हल्दी और शहद शामिल थे।
इस मौके पर कल्याण मुखिया सलिया, परशुराम संस्थान के महेश जोशी, राजेंद्र जोशी, विनोद व्यास, हेमन्त जोशी, मनोज जोशी, शैलेन्द्र प्रभात शर्मा, अमृतलाल सनाढय सहित यजमान मण्डल सहयोग में जुटा हुआ है। आयोजन में लिमथान, सालिया, बोदला, सियापुर, नांदिया, बड़ोदिया, सुरवानिया, करजी, सागड़ौद, ठिकरिया, लक्ष्मीपुरा, नवागाम सहित विभिन्न गांवों के सर्व समाज के पंच सहयोग में जुटे हुए हैं। विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष ललित जोशी, महामंत्री शशिकुमार शर्मा, जिला मंत्री के के पण्डया के सानिध्य में नगर क्षेत्र में जन सम्पर्क किया जा रहा है।