कोतवाली में जनसुनवाई कर आईजी ने शिकायतें सुनीं, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई पर दिए सख्त निर्देश।
डीग। भरतपुर रेंज की आईजी प्रीति चंद्रा ने मंगलवार को डीग शहर स्थित लक्ष्मण मंदिर कोतवाली पहुंचकर जनसुनवाई की। दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित इस जनसुनवाई में उन्होंने सर्किल क्षेत्र से आए परिवादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आईजी प्रीति चंद्रा के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता
जनसुनवाई के दौरान आईजी प्रीति चंद्रा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
आईजी ने कहा कि साइबर अपराधों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराध नियंत्रण के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक परिवेदनाएं कुम्हेर थाना क्षेत्र से प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सीएलजी सदस्यों के साथ भी की बैठक
जनसुनवाई के बाद आईजी प्रीति चंद्रा ने शहर कोतवाली परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक भी ली। बैठक में सदस्यों ने कानून व्यवस्था, जनसहयोग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव रखे। आईजी ने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, सीओ सीताराम बैरवा, कुम्हेर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह, खोह थाना प्रभारी शिवलहरी मीणा, महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह, शहर कोतवाल हीरालाल मीणा सहित पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी, सीएलजी सदस्य एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।