निरीक्षण में संकल्प विशेष विद्यालय में मिली खामियां, सुधारने के दिए निर्देश


12 जनवरी 2026, सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार समीक्षा गौतम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर द्वारा सोमवार को संकल्प विशेष विद्यालय एवं चेतना दिव्यांग विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव समीक्षा गौतम द्वारा संकल्प विशेष विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजराज शर्मा से विशेष रूप से सक्षम बालकों के कौशल विकास के लिये संचालित की जा रही अध्ययन क्लासेज, दिव्यांग बालकों की देखभाल हेतु केयर टेकर की व्यवस्था, दिव्यांग बालकों को प्रदान भोजन, पेयजल एवं चिकित्सकीय सुविधा, सर्दी के मौसम में बालकों को ठंड से बचने के लिए हीटर की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था आदि के संबंध में पूछताछ की गई। दौराने निरीक्षण मेडिकल किट में आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं पाई गई, सर्दी के मौसम में बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर की कोई भी व्यवस्था नहीं है, रसोईघर में रखा कैसरोल भी टूटा हुआ पाया गया, बच्चों के आवासीय कक्ष प्रथम मंजिल पर बने हुए है, उन कक्षों तक पहुंचने के लिए लकड़ी के फण्टों का रैम्प बनाया हुआ है, रैम्प पर बच्चों के गिरने व चोट लगने की संभावना है, शारीरिक रूप से असक्षम बच्चों के लिए फिजियोथैरेपिस्ट की भी नियमित विजिट नहीं होना पाया गया। सचिव समीक्षा गौतम द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजराज शर्मा को मेडिकल किट में पर्याप्त आवश्यक दवाएं रखने, बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर की व्यवस्था करने, टूटे हुए कैसरोल के स्थान पर नया कैसरोल लाने, रैम्प पर सीढ़ियां लगवाने एवं फिजियोथैरेपिस्ट की नियमित विजिट करवाने हेतु निर्देश प्रदान किये गये।
चेतना दिव्यांग विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय के संचालक रविंद्र बसावतिया एवं विशेष शिक्षक रोहित चौधरी उपस्थित मिलें। दौराने निरीक्षण चेतना दिव्यांग विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता सही गई, मेडिकल किट में पर्याप्त आवश्यक दवाएं पाई गई एवं विद्यालय की साफ-सफाई भी संतोषजनक पाई गई।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now