9 स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, ईडन इंटरनेशनल स्कूल की विजेता जोड़ी अब जयपुर में करेगी भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व
भीलवाड़ा। शहर के राजेन्द्र मार्ग विद्यालय में आयोजित इंटेक हेरिटेज क्विज में 9 विद्यालयों के 95 विद्यार्थियों ने देश, प्रदेश और जिले की ऐतिहासिक धरोहरों, कला एवं संस्कृति से जुड़े सवालों पर अपनी जानकारी परखी। दो चरणों में हुई प्रतियोगिता में ईडन इंटरनेशनल स्कूल की प्रियंका शर्मा और साक्षी कोली की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विजेता जोड़ी अब जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय हेरिटेज क्विज प्रतियोगिता में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करेगी।
दो चरणों में हुआ क्विज मुकाबला
इण्डियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एण्ड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में देश, प्रदेश और जिले के प्रमुख विरासत स्थलों से जुड़े सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक विरासत, कला और संस्कृति से संबंधित प्रश्नों का जवाब देकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
इंटेक चेयरमैन अशोक ठाकुर एवं विरासत शिक्षा एवं संचार सेवा की निदेशक पूर्णिमा दत्त के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में इंटेक कन्वीनर बाबूलाल जाजू ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरें केवल पुरानी इमारतें नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और पहचान की विरासत हैं। इनके संरक्षण के लिए युवा पीढ़ी को इतिहास से परिचित होना जरूरी है।
लिखित राउंड में 95 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
विद्यालय प्रतियोगिता प्रभारी गुमानसिंह पीपाड़ा एवं सुरेश सुराणा ने बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में हुई। पहले लिखित राउंड में सभी 95 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 8 विद्यार्थियों का चयन दूसरे यानी ओरल राउंड के लिए किया गया।
इसके बाद दो-दो विद्यार्थियों की टीम बनाकर मुकाबला कराया गया। इसमें प्रियंका शर्मा और साक्षी कोली की जोड़ी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
जयपुर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिनिधित्व
इंटेक हेरिटेज क्विज में प्रथम स्थान हासिल करने वाली ईडन इंटरनेशनल स्कूल की विजेता टीम को अब जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय हेरिटेज क्विज में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को इंटेक मुख्यालय दिल्ली से प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र मार्ग, ईडन इंटरनेशनल स्कूल, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय बालिका विद्यालय आटूण, श्री महेश शिक्षा सदन विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गुलमंडी और मयूर इंटरनेशनल स्कूल सहित 9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
को-कन्वीनर श्यामसुंदर जोशी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की विरासत, इतिहास और संस्कृति से जोड़ना है।
प्रतियोगिता के आयोजन में प्रीति जैन, कुसुम तिवाड़ी, प्राची नाहर, भाग्यश्री जैन, मीना त्रिवेदी, प्राचार्य राजेन्द्र गहलोत, चंद्रशेखर व्यास एवं विक्रम चौधरी का सहयोग रहा।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।