सावन के आखिरी सोमवार को लालापुर मनकामेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा ने पूजा-अर्चना कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

प्रयागराज। सावन के अंतिम सोमवार को पौराणिक सिद्धपीठ लालापुर मनकामेश्वर धाम में आस्था का महासंगम देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। अंतिम सोमवार के अवसर पर पूरा धाम हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।

रविवार रात से पहुंचने लगे कांवरिए

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर रविवार देर रात से ही कांवरियों के जत्थे गंगाजल लेकर मनकामेश्वर धाम पहुंचने लगे थे। सुबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई।

मान्यता के अनुसार लालापुर की पश्चिमोत्तर पहाड़ी पर स्थित स्वयंभू मनकामेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते हजारों शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ को दूध, गंगाजल, बेलपत्र, भांग-धतूरा और शमी पत्र अर्पित कर जलाभिषेक किया।

पहाड़ी पर गूंजे भोलेनाथ के जयकारे

अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कतारों में दर्शन के लिए पहुंचे।

पूरे दिन मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

एसीपी बारा ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा सुबह पुलिस टीम के साथ मनकामेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान मनकामेश्वर का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और इसके बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

एसीपी ने मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों से संवाद कर कांवरियों एवं दर्शनार्थियों की सुविधा, वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग और निकास व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस और राजस्व विभाग की रही तैनाती

भीड़ को देखते हुए लालापुर थाना पुलिस के जवानों के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।

शांतिपूर्ण संपन्न हुआ अंतिम सोमवारी का मेला

मंदिर प्रबंधक एवं ग्राम प्रधान लालापुर शंकरलाल पांडेय ने बताया कि प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सावन के अंतिम सोमवार का मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।

उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें:

 


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *