स्थानीय विधायक ने गंगापुर सिटी में राजनीति का स्तर गिराया : पूर्व विधायक

Support us By Sharing

राजनीतिक लाभ प्राप्ति के लिए सरकारी मशीनरी का किया जा रहा है दुरुपयोग

स्थानीय विधायक ने गंगापुर सिटी में राजनीति का स्तर गिराया : पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने लगाए संगीन आरोप

गंगापुर सिटी। पंकज कुमार शर्मा। 6 अक्टूबर 2023। आज शुक्रवार को बायपास रोड स्थित पार्थ रिसोर्ट में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व भाजपा विधायक मानसिंह गुर्जर द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने कहा कि गंगापुर में कानून व्यवस्था पूर्णतय फेल हो चुकी है। गंगापुर सिटी में लगातार हो रही चोरियां, नकबजनी, मारपीट एवं हत्या की घटनाएं पिछले 5 वर्षों से लगातार होती रही है। दिन प्रतिदिन ऐसी घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। जोकि पूरी तरह कांग्रेस सरकार की देन है। गंगापुर सिटी में एसपी, एडिशनल एसपी, डिप्टी और तीन थाने होने के बावजूद भी पेट्रोलिंग के नाम की कोई व्यवस्था पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की जा रही है। खुफिया तंत्र की बात करें तो खुफिया तंत्र पूर्णतया फेल नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा गंगापुर शहर खुदा हुआ पड़ा है। जो भी सड़के बनी जाति धर्म के भेदभाव के आधार पर बनी है। ऐसा गंगापुर में पहले कभी नहीं हुआ। पूर्व विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि इतना राजनीतिक का स्तर कभी नहीं गिरा। जानबूझकर गंगापुर में नफरत का वातावरण बनाया जा रहा है। स्वार्थ के लिए धर्म का चोला पहनने से भी परहेज नहीं कर रहे। इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है। वर्तमान विधायक रामकेश मीणा ने 5 वर्ष में नगर परिषद को एक रुपया नहीं दिया। यह शहर के साथ भेदभाव नहीं तो और क्या है…?

एलएनटी कार्य को विधायक ने कभी चेक ही नहीं किया। क्योंकि ऐसी चर्चा है कि उन्हें चांदी काटने से फुर्सत ही नहीं है। व्यापारी एवं कारोबारी लोगों में भय पैदा होने के कारण यहां कोई बड़ा व्यापार नहीं करना चाहते। यह कांग्रेस राज की सबसे बड़ी सौगात गंगापुर सिटी के लिए दी है। 2018 के चुनाव के बाद विधायक ने बहुत बड़ी-बड़ी डिंग हांकी थी। चंबल के पानी की योजना के बारे में क्या हुआ…? वही ढाक के तीन पात। आज पानी की सारी टंकियां सूखी पड़ी हुई है। राज्य सरकार ने 5 वर्ष में चंबल के पानी के लिए एक पैसा नहीं दिया। कटाक्ष भरे शब्दों में पूर्व विधायक ने कहा कि यह गंगापुर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि और सौगात दी है।

पूर्व विधायक ने कहा कि हम भाग्यशाली है कि केंद्र सरकार ने 4623 करोड रुपए सवाई माधोपुर-करौली के लिए स्वीकृत कर दिए। इससे आने वाले समय में हमें पानी मिल जाएगा। अन्यथा इस सरकार के समय में तो जो कार्य हमने जहां छोड़ा था, आज वही का वही ठहरा हुआ है। उन्होंने कटाक्ष करते कहा है कि आजकल विधायक पत्थर बहुत लगा रहे हैं। चाहे कार्य पूर्ण हुआ या नहीं। इतनी गिरावट कभी नहीं आई और मूल्य तो जैसे बचे ही नहीं। कुशाल  लेक में कांग्रेस सरकार ने अभी तक कोई पैसा नहीं दिया है। वह पूरे 5 वर्ष से कुशल लेक की  बुराई की करते आ रहे है और जाते-जाते पत्थर लगाने में कोई शर्म नहीं की। नगर परिषद को बिना सुपुर्द किये किस प्रकार से कोई कुशालगढ़ लेक का नाम परिवर्तन व उद्घाटन कर सकता है।

यह सभी बातें पूर्णतया गलत है। ऐसा लगता है विधायक जी ने संवेदक को फायदा देने के लिए यह कार्य किया है। जो सीधा-सीधा भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। जमीनों पर कब्जा करना तो जैसे अब गंगापुर सिटी में आम बात हो गई है। उनके स्वयं के भी मंदिर माफी जमीन खरीदने की चर्चाएं आम है। रेलवे के मामले में दो-दो बार शिलान्यास कर कौन सी वाहवाई लेना चाहते हैं विधायक रामकेश मीना। अभी तक राज्य सरकार ने पूरा पैसा ही जमा नहीं कराया तथा जो जमा कराया है, वह केंद्र से मिले पैसे के हैड से कराया है। अगर ऐसा नहीं है तो हैड व वित्तीय कोड बताएं। जनता को क्यों गुमराह किया जा रहा है। उनके द्वारा गंगापुर सिटी में सरकार के राजनीतिक दबाव में 13 बूथों को बिना किसी कारण के इधर से उधर किया गया है। तथा हजारों वोटर बिना आईडी कार्ड के जोड़े गए हैं। कुछ वोटरों को तो डबल जोड़ा गया है। इस बाबत हमने उचित माध्यम से शिकायत की है तथा जो भी अधिकारी और कर्मचारी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उन्हें हम किसी भी सूरत में छोड़ने वाले नहीं है। अत: अधिकारी इस बात को अपने संज्ञान में जरुर ले ले और निष्पक्ष कार्यवाही करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितने हथकंडे अपना ले, अबकी बार गंगापुर सिटी में भाजपा का ही विधायक बनेगा। और राजस्थान में पूर्ण बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, सभापति शिवरतन अग्रवाल, गिरधारी सोनी, मिथलेश व्यास और भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Support us By Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!