सरकारी आवास पर सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के बाद उदयपुर में उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच।
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी (सीआई) लोकपाल सिंह राठौड़ का बुधवार को उदयपुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। मंगलवार शाम अपने सरकारी आवास पर नाकाबंदी ड्यूटी के लिए तैयार होते समय उनकी सर्विस रिवॉल्वर से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई थी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम सदर थाना क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की ड्यूटी निर्धारित थी। सीआई लोकपाल सिंह राठौड़ अपने सरकारी आवास पर वर्दी पहनकर ड्यूटी के लिए तैयार हो रहे थे। इसी दौरान उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो उनके सिर में लगी। गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नी मौके पर पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया गया उदयपुर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लोकपाल सिंह को तत्काल महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर पहले रामस्नेही अस्पताल और बाद में उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया।
भीलवाड़ा पुलिस ने देर रात भीलवाड़ा से उदयपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर उपचार किया, लेकिन बुधवार सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लोकपाल सिंह को उनके सरकारी आवास पर सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगी थी। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने बताया कि मामले की तकनीकी, फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
2014 बैच के अधिकारी थे लोकपाल सिंह
लोकपाल सिंह राठौड़ वर्ष 2014 बैच के पुलिस अधिकारी थे। वे पिछले करीब दो वर्षों से भीलवाड़ा जिले में सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वे बिजौलिया और जहाजपुर थाना प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके थे। हाल ही में उन्हें सदर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
वे अजमेर जिले के विजयनगर क्षेत्र के नादसी गांव के निवासी थे। उनके परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था तथा लगभग दो माह पूर्व उन्होंने दूसरा विवाह किया था।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
लोकपाल सिंह राठौड़ के निधन की सूचना मिलते ही भीलवाड़ा सहित प्रदेशभर के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।