सवाई माधोपुर 22 मार्च। सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में 10वें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ का गर्भ कल्याणक महोत्सव उपाध्याय विशोक सागर व मुनि विनिबोध सागर के सान्निध्य में शनिवार को उत्साह पूर्वक मनाया गया।
प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि इस अवसर पर शेरपुर स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में वरिष्ठ श्रावक नगेंद्र कासलीवाल के संयोजन में जिनेंद्र भक्तों ने कतारबद्ध रूप से जिनाभिषेक किया। वहीं उपाध्याय विशोक सागरजी के मंत्रोच्चारण के बीच प्रभुचरणों में शांतिधारा प्रवाहित कर विश्वशांति की कामना की और जिनेंद्र देव को चंवर ढुलाए। इसके बाद भगवान शीतलनाथ की अष्ट द्रव्यों से नृत्य संगीत पूर्वक पूजा की और गर्भ कल्याणक का अर्घ्य समर्पित कर महोत्सव के प्रति हर्ष प्रकट किया। पूजन के दौरान सुनीता गंगवाल, सुनीता लोंग्या व बीना गंगवाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर पूजार्थियों को भाव विभोर कर दिया।
पूजनोपरांत समाज के सहमंत्री श्रवन लोंग्या, वरिष्ठ श्रावक मोहनलाल कासलीवाल, रतन गंगवाल व शशांक कासलीवाल के निर्देशन में जिनेंद्र देव की आरती उतारी।
इस मौके पर उपाध्याय विशोक सागरजी ने भगवान शीतलनाथ के गर्भ कल्याणक पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन चरित्र को आत्मसात कर जीवन मंगलमय बनाने पर जोर दिया। साथ ही अहिंसामयी धर्म मार्ग पर चलने के लिए लोगो को प्रेरित किया।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।