पूरे राजस्थान में खिलेगा कमल; प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार : प्रवासी विधायक मेघश्याम ठाकुर


इस बार पूरे राजस्थान में खिलेगा कमल; प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार – प्रवासी विधायक मेघश्याम ठाकुर

इस बार डीग-कुम्हेर में खिलेगा कमल – डॉ. शैलेश सिंह

भरतपुर, 26 जुलाई। डीग-कुम्हेर विधानसभा में प्रवासी गोवर्धन विधायक मेघश्याम ठाकुर ने कहा कि पूरे राजस्थान में अपराध चरम पर है, भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है और युवाओं का बेरोजगारी से हाल बुरा है। इस बार जनता ठान कर बैठी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएगी।

प्रवासी विधायक मेघश्याम ठाकुर ने यह बात शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र में साढ़े चार साल में विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं हुआ। डीग कुम्हेर में सड़क, पानी , चिकित्सा आदि सुविधाओं का पूरी तरह अभाव है, जिससे जनता परेशानियों का सामना कर रही है।

डीग – कुम्हेर में खिलेगा कमल

भारतीय जनता पार्टी, भरतपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर शैलेश दिगंबर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त डीग-कुम्हेर की जनता बस एक मौके के इंतजार में है, इस बार जब चुनाव होंगे तो डीग कुम्हेर में कमल खिलेगा।

पीएचसी सीएचसी में मरीजों का नहीं होता इलाज

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने कहा कि डीग कुम्हेर की पीएचसी एवं सीएचसी में उपचार के नाम पर मरीजों को कोई भी सुविधा नहीं मिलती। किसी भी आपातकालीन स्थितियों के लिए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि अस्पताल में डॉक्टर की सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं।

यह भी पढ़ें :  विश्व हिन्दू परिषद की मातृशक्ति व दुर्गावाहिनी की बहनों द्वारा 70 वीं बेटी का किया कन्यादान

डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार और उनके मंत्रियों ने वैलनेस सेंटर का खूब प्रचार-प्रसार किया, लेकिन यह योजना भी जनता के साथ मजाक बनकर रह गई और धरातल पर उतर ही नहीं पाई।

डीग और कुम्हेर की नगर पालिका देश में सबसे भ्रष्ट

भरतपुर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने कहा कि डीग और कुम्हेर की नगरपालिकाएं राजस्थान की ही नहीं बल्कि देश की सबसे भ्रष्ट नगर पालिका हैं। यहां पर हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार हुआ है। यहां लाइट्स में भी भ्रष्ट्राचार हुआ, नगरवासियों को लाइट्स तो नहीं मिली लेकिन उन खंभों में करंट जरूर आ रहा है, जिससे हमारी गौ माताएं आए दिन शिकार हो रही हैं, और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

सिर्फ कलेक्टर एसपी बैठाने से जिला नही बनता

भरतपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने कहा कि सिर्फ कलेक्टर और एसपी बैठा देने से जिला नहीं बनता, जिला बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाना चाहिए। हमें सीमांकन का भी ध्यान रखना पड़ता है और लोगों की भावनाओं का भी।

प्रदेश सरकार ने डीग को जिला घोषित किया यह अच्छी बात है, लेकिन भरतपुर की सीमा से लगती रारह तहसील को डीग में मिला दिया, यहां लोगों की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए था।

यह भी पढ़ें :  असंतुलित होकर छत से गिरने पर युवक की मौत

कुम्हेर बाईपास की झूठी घोषणा, रारह को बनाया जाए थाना

डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने कहा कि यहां के मंत्रियों ने कुम्हेर बाईपास की भी झूठी घोषणा की जो आज तक पूरी नहीं हो पाई। डॉ. शैलेश ने कहा कि रारह को पुलिस थाना बनाया जाना चाहिए लेकिन उन्होंने कुम्हेर थाने में दूसरी चौकियां जोड़कर उसका भार बढ़ा दिया जबकि कुम्हेर पहले से ही संवेदनशील क्षेत्र है।

सड़कों का हाल बुरा, न जाने विधायक से मंत्री की क्या नाराजगी

डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह ने कहा कि डीग कुम्हेर विधानसभा में सड़कों का हाल बहुत बुरा है, प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री भरतपुर जिले से आते हैं लेकिन इसके बावजूद डीग कुम्हेर विधानसभा की सड़कें ऐसी हैं कि लोगों का उस पर चलना मुश्किल है, डॉ. शैलेश ने कहा कि पता नहीं हमारे विधायक जी की मंत्री जी से क्या नाराजगी है, जो यहां की सड़कें सुधर ही नहीं रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now