महिला कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार, महिला आरक्षण और संसद चलो अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया गया संदेश।
भीलवाड़ा । महिला कांग्रेस संगठन विस्तार को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को शहर के गजाधर मानसिंहका धर्मशाला में महिला कांग्रेस भीलवाड़ा शहर की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर से शामिल हुईं। उनके साथ शहर प्रभारी प्रियंका चौधरी, सह प्रभारी आशा जैन तथा जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक भी मौजूद रहे।
बैठक का आयोजन महिला कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रेखा हिरण के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान संगठन को बूथ, वार्ड और बस्ती स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन विस्तार पर दिया विशेष जोर
रेखा हिरण ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने और उनकी आवाज को प्रभावी मंच प्रदान करने का आह्वान किया।
महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की पक्षधर रही है कांग्रेस
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की पक्षधर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने, महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी संसद चलो कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने कहा कि महिला संगठन कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेखा हिरण के नेतृत्व में महिला कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है और भविष्य के राजनीतिक एवं जनआंदोलनों में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
महिला आरक्षण के समर्थन में चलाया हस्ताक्षर अभियान
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, वार्ड एवं बस्ती स्तर पर जनसंपर्क अभियान तथा दिल्ली में प्रस्तावित संसद चलो कार्यक्रम की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान सभी अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार पगड़ी और फूलमालाओं से स्वागत किया गया। बैठक के बाद महिला कांग्रेस की ओर से “महिला आरक्षण लागू करो, आज करो-अभी करो” तथा ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल करो की मांग को लेकर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व रेखा हिरण ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ जारी रखने का संकल्प लिया।
बैठक में रेखा भट्ट, मोनिका क्रिश्चियन, अनीता पारीक, समीम बानो, शम्मा नयाघर, रुक्मणी धोबी, लीला देवड़ा, अनीता परिहार, मंजू माहेश्वरी, वंदना कंवर, संगीता शर्मा, जमीला बानो, फरीदा बानो, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, लीना शर्मा और सलमा बानो सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।