विश्व मांगल्य सभा, जयपुर प्रांत की दो दिवसीय योजना बैठक संपन्न
जयपुर 8 जून। विश्व मांगल्य सभा, जयपुर प्रांत की दो दिवसीय योजना बैठक गुरुवार को संपन्न हुई। योजना बैठक के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा रहे। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्षा रेखा खंडेलवाल ने की, जबकि मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री पूजा देशमुख रहीं। विश्व मांगल्य सभा की प्रांतीय दो दिवसीय वार्षिक बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों का मार्गदर्शन और संबलन प्रात हुआ। वार्षिक बैठक में जयपुर प्रांत की कार्यकारिणी के नए पदाधिकारियों के दायित्वों की घोषणा भी हुई।
मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि नेतृत्व में मातृशक्ति की भूमिका से विश्व का मंगल संभव है। आज विश्व मांगल्य सभा हमारे देश की उन महिलाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं जो महिलाएं सामान्य तौर पर राजनीति से दूर रहती हैं लेकिन जब राष्ट्र हित की बात आती है तो सबसे आगे रहती हैं। आज मातृत्व के माध्यम से नेतृत्व की परिभाषा साकार हो रही है। 18वीं लोकसभा में 74 महिलाएं जीतकर पहुंची हैं। देश में पहली बार राज्यसभा में 34 महिला सदस्य हैं। पहली बार सुप्रीम कोर्ट में तीन महिला जज हैं। मोदी सरकार में पहली बार महिला रक्षा मंत्री बनीं। पिछले 10 वर्षों में पीएचडी करने वाली महिलाओं की संख्या दो गुना बढ़ी है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विश्व मांगल्य सभा की राष्ट्रीय अध्यक्षा रेखा खंडेलवाल ताई ने कहा कि वर्तमान में देश और देश से बाहर भी संगठन से जुड़ी कईं बहनें कार्य विस्तार के अपने लक्ष्य को साधते हुए सार्थक प्रयास कर रही हैं। वे विदेश में रह रहे परिवारों में भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत वातावरण बनाने का काम कर रही हैं। इसलिए हमें भी अपने-अपने क्षेत्र में संगठन कार्य बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री पूजा देशमुख ताई ने अपने उद्बोधन में संगठन कार्य को ईश्वरीय कार्य बताते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। पूजा ताई ने कहा कि विश्व मांगल्य सभा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार परिवार का महिला संगठन है और देशभर में भारतीय संस्कृति के अनुरूप महिलाओं की उन्नति एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के प्रयासरत है।
बैठक में दीपमाला दत्ता को जयपुर प्रांत का कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही सदाचार सभाओं की संयोजिका-सहसंयोजिका ने संगठन की मूल योजनाओं, कार्य प्रणाली और मुख्य विचार बिंदुओं पर प्रकाश डाला। बैठक में जयपुर के अतिरिक्त जोधपुर प्रांत की वार्षिक योजना का निर्माण भी किया गया और इस हेतु आवश्यक बजट और आर्थिक नियोजन के लिए भी चर्चा की गई। वहीं, आगामी सत्र में विश्व मांगल्य सभा की कार्यकारिणी ने जयपुर जोधपुर प्रांत की विस्तारक योजना बनाकर कार्यकर्ताओं को दायित्व भी सौंपे गए। कार्य विस्तार एवं कार्य विभाग सदाचार सभा वार्षिक नियोजन, पूर्णकालिक विस्तारक योजना, प्रचार-प्रसार आदि सत्रों के माध्यम से कार्यकारिणी के विभिन्न पदाधिकारियों ने समस्त कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया।
दो दिवसीय वार्षिक बैठक में सोशल एंटरप्रैन्योर नीता बुचरा, जयपुर प्रांत कार्यकारिणी की संगठन मंत्री तृप्ति घुंघरे, सह संगठन मंत्री पल्लवी शर्मा, सचिव पूजा शर्मा, सह सचिव शुचि कौशिक, संपर्क प्रमुख कीर्ति कालरा, जोधपुर प्रांत संयोजिका हर्षिता, गांधीनगर संयोजिका मंजू शेखावत, बाल संस्कार प्रमुख एवं प्रांत कोषाध्यक्ष दीपमाला दत्ता, सुशीला सारस्वत ने आदि प्रमुख तौर पर उपस्थित रहीं। समापन बैठक में दिल्ली प्रांत संगठन मंत्री भक्ति दवे ने अपने ओजपूर्ण गीतों से सभी कार्यकताओं में ऊर्जा का संचार किया। बैठक का संचालन एडवोकेट पूजा शर्मा ने किया।

Awaaz Aapki News is an online publication, which comes under Gangapur Hulchal (weekly newspaper). aawazaapki.com provides information about more and more news.