लालापुर के मनकामेश्वर धाम में 24 नवंबर से एक माह का महायज्ञ, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ


रोजाना सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का होगा निर्माण और पूजन, 30 दिनों तक चलेगा विशाल भंडारा

प्रयागराज।प्रयागराज के लालापुर स्थित प्राचीन मनकामेश्वर धाम में 24 नवंबर से एक माह तक चलने वाले महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। पूरे एक महीने तक धाम में श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ होगा और प्रतिदिन सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, पूजन, अभिषेक एवं विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान राम नाम की गूंज के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

महायज्ञ की पूर्व संध्या पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मनकामेश्वर धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। एसडीएम बारा अर्पित कुमार, एसीपी बारा वेद व्यास मिश्रा और लालापुर थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अधिकारियों ने भगवान भूतेश्वर नाथ के दरबार में की पूजा-अर्चना

धाम पहुंचने पर अधिकारियों ने सबसे पहले भगवान भूतेश्वर नाथ के श्रीचरणों में शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना की। स्वामी बृजेशानंद महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को एक माह तक चलने वाले महायज्ञ की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

इस दौरान आयोजित बैठक में एसडीएम बारा अर्पित कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महायज्ञ के दौरान स्वास्थ्य, सफाई, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धाम में आने वाले श्रद्धालु सुविधापूर्वक भगवान के दर्शन कर सकें और रामकथा का रसपान कर सकें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

24 नवंबर को भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

मनकामेश्वर धाम में 24 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। इसके बाद 24 दिसंबर तक पूरे एक महीने श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ निरंतर चलता रहेगा।

आयोजकों के अनुसार प्रयागराज में पहली बार किसी एक धाम पर एक माह तक लगातार श्रीरामचरितमानस का पाठ किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद विधि-विधान से उनका पूजन, अभिषेक और विसर्जन होगा। वैदिक मंत्रों के उच्चारण से पूरा बारा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में गुंजायमान रहेगा।

30 दिनों तक चलेगा विशाल भंडारा

महायज्ञ के दौरान मनकामेश्वर धाम में लगातार 30 दिनों तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

स्वामी बृजेशानंद महाराज ने प्रयागराज की जनता से आह्वान किया कि वे मनकामेश्वर धाम पहुंचकर अपना अमूल्य समय दें और पार्थिव शिवलिंग निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क

लालापुर थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने कहा कि महायज्ञ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कालिंदी तट पर पर्वतों की गोद में स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मनकामेश्वर धाम में आयोजित होने वाला यह एक माह का महायज्ञ धार्मिक आस्था और भक्ति का विशेष आयोजन होगा। महायज्ञ की पूर्व संध्या पर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *