दिगम्बर जैन मुनि संघ का मंगल प्रवेश


सवाई माधोपुर 21 मार्च। गणाचार्य विरागसागरजी के शिष्य- उपाध्याय विशोक सागरजी एंव विनिबोध सागरजी ने ससंघ सोनीपत (हरियाणा) से पद विहार कर विभिन्न मार्गों से होते हुए साहूनगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार को भव्य अगवानी एवं जयकारों के बीच मंगल प्रवेश किया। सकल दिगंबर जैन समाज के महामंत्री हरसीलाल जैन श्रीमाल व कोषाध्यक्ष अशोक पांड्या के संयोजन में प्रबुद्धजन मुनि संघ को नगर की सीमा पर लेने पहुंचे।
प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि मुनि संघ के मंदिर पहुंचने पर प्रवेश द्वार पर मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष पदमचंद विलाला, मंत्री कमलेश जैन पल्लीवाल, कोषाध्यक्ष रमेश चंद जैन श्रीमाल व सहमंत्री अभय जैन के संयोजन में समाज के गणमान्य लोगो ने मुनिराज के पद प्रक्षालन किये और मंगल आरती उतार भव्य अगवानी की। मुनि संघ के सम्मान में सौभाग्यवती महिलाओं ने मंगल स्वरूप कलश धारण किए एवं मंदिर के प्रवेश द्वार को रंगोली से सजाया गया। मुनि संघ ने जिनेंद्र प्रतिमाओं के दर्शन किए। इसके उपरांत उपाध्यक्ष सुरेश जैन पल्लीवाल के संयोजन में मांगलिक क्रियाओं के साथ जिनेंद्र भक्तों ने जिनाभिषेक किया एंव उपाध्याय विशोक सागरजी के मंत्रोच्चारण के बीच प्रभु चरणों में शांतिधारा प्रवाहित कर विश्वशांति की कामना की गई।
साथ ही इस मौके पर उपाध्याय विशोक सागरजी ने वात्सल्यमयी वाणी से श्रावको को धर्म का मर्म समझाया। प्रवचन के दौरान उन्होंने पुण्य, पाप को कर्म रूपी तराजू बताते हुए कहा कि व्यक्ति को समय का सदुपयोग शुभ कार्यों में कर अशुभ कर्मों से बचना चाहिए और पुण्य का पलड़ा भारी कर जीवन को मंगलमय बनाना चाहिए। प्रवचनोपरांत मुनिसंघ ने सभी को मंगल आशीर्वाद दिया। धर्म सभा के मंच का संचालन पंडित आशीष जैन शास्त्री ने किया।
वहीं इस मौके पर चमत्कारजी मंदिर प्रबंध समिति उपाध्यक्ष दीपक कासलीवाल, मंत्री योगेंद्र पापड़ीवाल व कोषाध्यक्ष सुनील बाकलीवाल के संयोजन में मुनि संघ को श्रीफल भेंट कर चमत्कारजी मंदिर में ग्रीष्मकालीन प्रवास करने के लिए विनती की गई।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now