महिला दिवस पर मेहंदी प्रतियोगिता, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ संघर्ष का आह्वान


सवाई माधोपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय महिला फेडरेशन की जिला शाखा सवाई माधोपुर की ओर से रविवार को महावीर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दर्जनों महिलाओं ने उत्साह के साथ मेहंदी प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जनगीतों के माध्यम से महिलाओं पर हो रहे जुल्म और शोषण के खिलाफ संघर्ष का आह्वान किया। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के मामलों में आपत्तिजनक बयानबाजी और उनके अंगों पर टिप्पणी करना महिलाओं का अपमान है। उन्होंने ऐसे मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में रसोई गैस के बढ़ते दामों और महंगाई को लेकर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि विश्व के किसी भी क्षेत्र में होने वाले युद्ध का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव भारत पर भी पड़ता है, जिससे महंगाई, बेरोजगारी और भुखमरी जैसी समस्याएं बढ़ती हैं और इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता है। महिला फेडरेशन की वरिष्ठ नेता कंचन देवी महावर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि अंजना करण ने संचालन किया। महिला फेडरेशन की सचिव शबनम ने कहा कि सवाई माधोपुर जिले में महिलाओं पर जुल्म और अत्याचार की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है, जिसे रोकने के लिए समाज को जागरूक होने की जरूरत है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता देवीलाल बेरवा ने कहा कि महिलाएं दुनिया की आधी आबादी हैं और जब महिलाएं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगी तो समाज में समानता और न्याय की दिशा मजबूत होगी।
इस अवसर पर गुलफशा, तबस्सुम, अंजलि, गायत्री वैष्णव, मुमताज परवीन सहित कई महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now