उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्या ने महिला जनसुनवाई में सुनी पीड़ित महिलाओं की समस्यायें


पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हेतु सम्बंधित को दिए निर्देश

प्रयागराज। उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा के द्वारा बुधवार को सर्किट हाउस के सभागार में महिला जनसुनवाई की गयी। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, राजस्व, पुलिस, अवैध कब्जा, साइबर क्राइम सहित कई अन्य शिकायतें सुनवाई के लिए आयी। महिला जनसुनवाई में लगभग 50 प्रकरण सुनवाई के लिए आये, जिन्हें सम्बंधित विभागो को प्रेषित करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तातरण सुनिश्चित करने के लिए कहा है।सदस्या ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि थानों में आने वाले छोटे प्रकरणों का थाने स्तर पर ही निस्तारण करना सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ित महिलाओं को कोर्ट के चक्कर न लगाना पड़े।जनसुनवाई में प्रार्थिनी शर्मिला पुत्री अमरचन्द्र पत्नी जयप्रकाश उर्फ सोनू निवासिनी चाका गोसाई का तालाब थाना नैनी के द्वारा ससुराल वालों के विरूद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से बाहर करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत पर उक्त प्रकरण में दोनों पक्षों को 19 मार्च 2026 को राज्य महिला आयोग, लखनऊ में उपस्थित होने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार प्रार्थिनी कल्लो देवी पत्नी नरेश कुमार निषाद निवासी 46/35 बालूमंडी करैलाबाग के द्वारा उनकी भूमिधरी जमीन गाटा सं0 201 पर जबरदस्ती विपक्षीगण द्वारा मिट्टी डालकर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की, जिसपर सम्बंधित थाने को कृतकार्यवाही से आयोग को तत्काल सूचित करने के लिए निर्देशित किया है। प्रार्थिनी रचना कुमारी पुत्री स्व0 मुन्नू लाल निवासिनी 209/1सी लाला की सरांय-थाना शिवकुटी के द्वारा मोहल्ले के पप्पू उर्फ उदय पासी तथा उनके परिवार के द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की, जिसपर सम्बंधित थानाध्यक्ष को प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के अंदर आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए है। मन्नो बानो निवासी 60 फिट रोड़ करेली के द्वारा अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व गाली-गलौज करने की शिकायत की तथा प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रार्थना की, थानाध्यक्ष करेली को प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के अंदर आख्या उपलब्ध कराये जाने के लिए निर्देशित किया है। राखी जायसवाल पत्नी स्व0 आशीष जायसवाल निवासी 722 पुराना कटरा के द्वारा अपने मकान में किरायेदारी पर दी गयी दुकान को खाली कराये जाने हेतु प्रार्थना पत्र दिया, जिसपर पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी को प्रकरण पर आवश्यक कार्यवाही कराने के लिए कहा है।सदस्या ने पिछली बैठक से सम्बंधित प्रकरणों पर कृतकार्यवाही की समीक्षा करते हुए सम्बंधित विभागों के कितने प्रकरण निस्तारित हुए तथा कितने लम्बित है, की सूची उपलब्ध करायें जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों से महिलाओं से सम्बंधित योजनाओं, सहायता राशि तथा उनको योजनाओं से लाभान्वित कराने की प्रगति से अवगत कराये जाने के लिए कहा है।सदस्या ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई महिला अगर शिकायत लेकर थाने में जाती है, तो पूरी गम्भीरता/संवेदना के साथ उसकी शिकायतों को सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाये। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने कहा कि महिला जन सुनवाई में आने वाले शिकायती प्रकरणों के निस्तारण की मानिटरिंग सुनवाई के बाद नियमित रूप से आयोग के स्तर पर की जाती है इसलिए प्रकरणों को बेवजह लम्बित करने तथा पीड़ित महिलाओ को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। इस अवसर पर अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम दिग्विजय सिंह सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now