नदबई में तापमान 40 डिग्री लू का प्रकोप पर
नदबई में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को सुबह 11:30 बजे से ही लू चलना शुरू हो गई, जिसने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। मौसम विभाग ने कल शुक्रवार को भरतपुर जिले के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है, और नदबई में आज दोपहर 1 बजे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, और मुख्य बाजार में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा हुआ है।
गुरुवार की सुबह नदबई में मौसम कुछ राहत भरा था। आसमान में बादल छाए हुए थे, और हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी। लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकी। दोपहर होते-होते मौसम ने अचानक करवट बदली, और तेज धूप के साथ लू ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह की ठंडक और नमी काफूर हो गई, और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों के अंदर रहने पर मजबूर कर दिया।
भीषण गर्मी और लू के कारण नदबई के लोग दोपहर के समय बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।नदबई का मुख्य बाजार, जो आमतौर पर दिनभर चहल-पहल से भरा रहता है, दोपहर के समय सुनसान नजर आया। दुकानदारों का कहना है कि, लू के कारण ग्राहक दोपहर में बाहर नहीं निकल रहे।
उधर, मौसम विभाग ने कल यानी शुक्रवार के लिए भरतपुर जिले में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।चिकित्सकों ने भी लोगों को गर्मी और लू से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा है।