विधायक कोटे से मिला स्काई लिफ्टर
25 लाख की मशीन से शहर की बंद रोड लाइटें होगी दुरस्त काम हुआ शुरू
नदबई में लंबे समय से खराब पड़ी रोड़ लाइटों की मरम्मत का इंतजार अब खत्म होता दिख रहा है। विधायक निधि से मिले 25 लाख रुपये का बजट मिलने के बाद नगर पालिका ने नई स्काई लिफ्टर मशीन खरीदी। जिसके माध्यम से अब रोड़ लाइटों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
कई महीनों से बंद लाइटें शुरू
पालिका प्रशासन ने सबसे पहले शहर के मुख्य बाजार में रोड़ लाइटों की मरम्मत की शुरुआत की है। मुख्य बाजार में लगी कई लाइटें महीनों से खराब पड़ी थीं, जिससे रात के समय राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी हो रही थी। अब स्काई लिफ्टर की सहायता से ऊंचाई पर लगी लाइटों तक आसानी से पहुंच बनाकर तकनीकी सुधार कार्य किया जा रहा है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पवन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि, “अब तक हमारे पास स्काई लिफ्टर नहीं होने के कारण रोड़ लाइटों की मरम्मत में लगातार दिक्कत आ रही थी। कई बार टेक्नीशियन ऊंचाई तक नहीं पहुंच पाने के कारण काम अधूरा रह जाता था। अब 25 लाख रुपये की लागत से मिली स्काई लिफ्टर से यह कार्य तेजी से और सुरक्षित तरीके से किया जा रहा है।”
शहरवासियों का कहना है कि, खराब लाइटों की वजह से कई मार्गों पर अंधेरा छाया रहता था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था। विशेष रूप से महिलाएं और स्कूली बच्चे इस समस्या से अधिक प्रभावित थे। अब मरम्मत शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
पालिका अध्यक्ष हरवती सिनसिनवार ने बताया कि, मुख्य बाजार के बाद अब अन्य वार्डों और मोहल्लों में भी लाइटों की जांच व सुधार का कार्य क्रमबद्ध तरीके से किया जाएगा। जहां भी खराब या बंद लाइटें हैं, वहां शीघ्र मरम्मत करवाई जाएगी।