नैनीताल में कैंची धाम के पास 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौत, चार घायल


कैंची धाम के समीप देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, बरेली के पांच युवक थे कार में सवार, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

नैनीताल। नैनीताल से करीब 15 किलोमीटर दूर भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित कैंची धाम के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार सभी युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

रात 12:45 बजे डायल 112 पर मिली हादसे की सूचना

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12:45 बजे डायल 112 पर निगलाट कैंची धाम के पास एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची टीम ने खोजबीन शुरू की तो यूपी नंबर की कार (UP25EJ-4586) गहरी खाई में नदी के पास गिरी हुई मिली। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे के बाद खाई में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में कड़ी मशक्कत करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने कार में सवार सभी पांचों युवकों को खाई से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान पता चला कि संदीप शर्मा निवासी मनकापुर, थाना भुता, जिला बरेली की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, हादसे में चार अन्य युवक घायल हो गए।

चार घायलों को भवाली सीएचसी भेजा

हादसे में घायल युवकों की पहचान अनुज तिवारी (29) निवासी शेखपुर, थाना भुता, बरेली, सनी (23), रवि और संचित तिवारी (26) निवासी बरेली के रूप में हुई है। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय अनुज कार चला रहा था। इस दुर्घटना में कार बुरी तरह खाई में जा गिरी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ को राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मृतक संदीप शर्मा के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के साथ कांस्टेबल तारा कंबोज, हरीश बिष्ट, महेश गोस्वामी और होमगार्ड राजेंद्र बिष्ट शामिल रहे। पुलिस और एसडीआरएफ की तत्परता से खाई में फंसे चार घायल युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *