सवाई माधोपुर में पहली बार होगा ‘नेशनल रणथंभौर फिजियो समिट 2026’


22 मार्च को देशभर के विशेषज्ञ होंगे शामिल, फिजियोथेरेपी क्षेत्र को मिलेगा नया मंच

सवाई माधोपुर। चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आगामी 22 मार्च 2026 (रविवार) को सवाई माधोपुर में पहली बार “1st National Ranthambore Physio Summit 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के समिट का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी फिजियोथेरेपी के बीच की दूरी को कम करते हुए एक साझा मंच प्रदान करना है। इस आयोजन में देशभर एवं राजस्थान के विभिन्न जिलों से अनुभवी एवं युवा फिजियोथेरेपिस्ट भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम राज्य के सबसे बड़े फिजियोथेरेपी सम्मेलनों में शामिल होगा। समिट के दौरान विशेषज्ञों द्वारा क्लिनिकल एवं अकादमिक विषयों पर व्याख्यान, प्रश्न-उत्तर सत्र तथा फिजियोथेरेपी के पुराने और नए आयामों पर विशेष चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही न्यूरो रिहैबिलिटेशन, ऑर्थोपेडिक एवं स्पोर्ट्स रिहैबिलिटेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले फिजियोथेरेपिस्ट को सम्मानित करते हुए अवार्ड सेरेमनी का आयोजन भी किया जाएगा। इस समिट में डॉ. अवतार दोई, डॉ. अतुल सिंह, डॉ. विनय नवीन गुलाटी, डॉ. पुष्पेंद्र यादववंशी एवं डॉ. दीपक राजपुरोहित जैसे विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। वहीं डॉ. अजीत कुमार सहारण (PT) एवं डॉ. महेश साहू (PT) संरक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन होटल अनंता पैलेस, रणथंभौर रोड, सवाई माधोपुर में किया जाएगा। आयोजन सचिव डॉ. गणपत लाल वर्मा के नेतृत्व में सवाई माधोपुर फिजियोथेरेपी कम्युनिटी एवं आयोजन टीम द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि यह समिट न केवल फिजियोथेरेपी क्षेत्र में ज्ञान एवं अनुभव साझा करने का सशक्त मंच बनेगा, बल्कि सवाई माधोपुर को चिकित्सा क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now