डंपर की चपेट में आकर नीट छात्रा की मौत, मां के सामने हुआ दर्दनाक हादसा


नदबई के खांगरी बाइपास पर मॉर्निंग वॉक के दौरान 17 वर्षीय छात्रा की डंपर से कुचलकर मौत, चालक मौके से फरार।

नदबई। डंपर की चपेट में आकर नीट छात्रा की मौत का दर्दनाक मामला शनिवार सुबह नदबई कस्बे के खांगरी बाइपास पर सामने आया। मॉर्निंग वॉक पर अपनी मां के साथ निकली 17 वर्षीय छात्रा की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय छात्रा की मां उसके साथ मौजूद थीं और बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।

#### मां के सामने बेटी की हुई दर्दनाक मौत

मृतका के चाचा हरिओम ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय भतीजी पायल शनिवार सुबह करीब पांच बजे अपनी मां सुनीता देवी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब 6:15 बजे जब दोनों खांगरी बाइपास के समीप पहुंचे, तभी हलैना की ओर से तेज गति से आ रहे डस्ट से भरे डंपर ने पीछे से पायल को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि पायल डंपर के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी मां सुनीता देवी इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गईं, लेकिन अपनी बेटी को आंखों के सामने खोने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

#### ग्रामीणों की भीड़ जुटी, पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नदबई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया तथा दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया। फिलहाल चालक की तलाश की जा रही है।

#### हाल ही में दी थी नीट परीक्षा

परिजनों के अनुसार पायल पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसने हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा दी थी और परिणाम का इंतजार कर रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह डॉक्टर बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी, लेकिन सड़क हादसे ने उसके सभी सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया।

#### किसान परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पायल के पिता किसान हैं। वह परिवार की सबसे छोटी और सभी की लाड़ली बेटी थी। हादसे की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। रिश्तेदार और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *