“स्वच्छ परिसर और श्रेष्ठ वातावरण ही गढ़ते हैं छात्रों का भविष्य”: विद्यालय में इंटरलॉकिंग कार्य का लोकार्पण कर बोले गृहराज्य मंत्री
मनौता, मोरका से लेकर पेंडका और भावली तक… मंत्री बेढ़म ने ‘विकास रथ’ के साथ गांवों में किया सघन जनसंपर्क
डीग, 20 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष के सुशासन और सेवा काल के उपलक्ष्य में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म शनिवार को नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में एक सजग प्रहरी और जनसेवक की भूमिका में नजर आए। इस दौरान जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल मौजूद रहे। अपने सघन दौरे के दौरान उन्होंने जहाँ एक ओर ग्राम सैमला कलां में शैक्षणिक ढांचे को सुदृढ़ करने वाले निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया, वहीं दूसरी ओर आधा दर्जन गांवों में पहुँचकर ‘विकास रथ यात्रा’ के माध्यम से सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों को धरातल पर परखा।
सैमला कलां: विद्यालय परिसर को मिली कीचड़ से मुक्ति
शनिवार को अपने दौरे के मध्य में गृहराज्य मंत्री श्री बेढ़म ग्राम सैमला कलां पहुँचे। यहाँ उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ‘मेवात विकास योजना’ के अंतर्गत निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का विधि-विधान से फीता काटकर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा, “शिक्षा के मंदिर की पवित्रता और स्वच्छता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय परिसर में हुआ यह नवनिर्माण न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि छात्रों को एक स्वस्थ और अनुशासित वातावरण भी प्रदान करेगा। हमारा प्रयास है कि मेवात क्षेत्र का हर विद्यालय संसाधनों से परिपूर्ण हो, ताकि यहाँ की प्रतिभाएं प्रदेश और देश में नाम रोशन कर सकें।”
मनौता से भावली तक: विकास का ‘सिंहावलोकन’
टूर प्रोग्राम के अनुसार, गृहराज्यमंत्री श्री बेढ़म ने अपने दौरे की शुरुआत प्रातः मनौता और मोरका ग्राम पंचायतों से की। यहाँ उन्होंने राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर संचालित ‘विकास रथों’ का निरीक्षण किया। इसके पश्चात सैमला कलां के कार्यक्रम के बाद वे खखावली, पेंडका और भावली ग्राम पंचायतों में पहुँचे।
प्रत्येक पड़ाव पर मंत्री महोदय ने ग्रामीणों के साथ बैठकर सरकार के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह ‘विकास रथ’ केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार का अपना ‘रिपोर्ट कार्ड’ है जिसे हम पारदर्शिता के साथ जनता के समक्ष रख रहे हैं।
“अंत्योदय का पथ ही हमारा लक्ष्य”
विभिन्न गांवों में आयोजित चौपालों में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री बेढ़म ने कहा, “हमारी सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि उन वादों को धरातल पर उतारना है। पिछले दो वर्षों में हमने आधारभूत संरचना, पेयजल और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे ‘सुशासन’ का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना ही हमारा एकमात्र ध्येय है।”
जनप्रतिनिधियों का सक्रिय सहयोग
सैमला कलां में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत समिति के प्रधान श्री आरिफ खान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सैमला कलां की सरपंच श्रीमती वीरवती करन सिंह गुर्जर ने मंत्री महोदय का साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश: “गुणवत्ता सर्वोपरि”
निरीक्षण के दौरान मंत्री महोदय ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में ताकीद की कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने खखावली और पेंडका में ग्रामीणों की पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अभियंताओं को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।