नीम वृक्षकुंज, बाघ उत्सव, पर्यटन विकास एवं मार्बल मूर्तिकला को बढ़ावा देने के निर्देश
सवाई माधोपुर 9 अक्टूबर। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्टर कक्ष में पंच गौरव जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम संबंधित स्वीकृति बजट राशि व्यय की विस्तृत कार्ययोजना के प्रस्तावों पर पंच गौरव कार्यक्रम से जुड़े खेल, उद्योग, उद्यान, वन एवं पर्यटन विभागों के संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने पंच गौरव समिति सदस्य सचिव एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. डिम्पल गुर्जर को निर्देशित किया कि पंच गौरव के तहत प्राप्त बजट के संबंध में राज्य सरकार के निर्देशानुसार कार्ययोजना तैयार कर वरिष्ठ लेखाधिकारियों के अनुमोदन उपरान्त नियमानुसार व्यय किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अन्य विभागों के साथ समन्वय से स्थानों का चयन कर प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर नीम की नर्सरी, नगर वन, पंच गौरव पार्क एवं नीम वृक्षकुंज विकसित करने के निर्देश उप वन संरक्षक सुनील कुमार को दिए।
उन्होंने जिले में मार्बल मूर्तिकला को प्रोत्साहन देने हेतु उत्कृष्ट मूर्ति निर्माण वाले स्थानों के अवलोकन हेतु जिले के मूर्तिकारों के भ्रमण के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाने, मार्बल मूर्तिकला को बढावा देने के लिए राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित करवाने तथा बैंक लघु उद्योग एवं अन्य विभागों के सहयोग से मार्बल मूर्तिकला की दीपावली पूर्व प्रदर्शनी लगवाने के निर्देश जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक पंकज कुमार मीना को दिए। ताकि मार्बल मूर्तिकला उत्पादों का प्रदर्शन एवं ब्रिकी को प्रोत्साहन मिले। इसके साथ ही उन्होंने जिला खेल अधिकारी को दशहरा मैदान में फुटबॉल एकेडमी हेतु मिट्टी डलवाने, घांस लगवाने एवं फुटबॉल खेल सामग्री की व्यवस्था करने हेतु बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने अमरूद के बगीचो से संबंधित कृषको को वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न तकनीकी जानकारी साझा करने हेतु दीपावली के बाद किसानों के लिए दो दिवसीय सेमीनार आयोजित करवाने, अमरूद उत्पाद की पैकेजिंग पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करवाने के निर्देश सहायक निदेशक उद्यान बृजेश कुमार मीना को दिए।
उन्होंने जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गणेशधाम पर पर्किंग विकसित करने, गणेश मंदिर के पास जन सुविधाएं, हम्मीर महल से गणेश मंदिर तक सुरक्षित रास्ता बनाने, रणथम्भौर पार्क के संबंध में गणेशधाम पर पब्लिक एलईडी लगवाकर रणथम्भौर एवं जिले के अन्य पर्यटन स्थलों के संबंध में डॉक्यूमेन्ट्री फिल्म का प्रदर्शन करवाने एवं सवाई माधोपुर स्थापना दिवस को बाघ उत्सव के रूप में मनाने के संबंध में बजट का सुनियोजित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश उप वन संरक्षक एवं उप निदेशक पर्यटन को दिए।
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।