डीग।अमरदीप सैन। आज दिनांक 08/03/2026 को मास्टर आदित्येन्द्र जी राजकीय महाविद्यालय, डीग में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत तृतीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। स्वयंसेवकों ने परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा समाज में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने महिला सशक्तिकरण विषय पर पोस्टर बनाकर अपने विचार अभिव्यक्त किए। इन पोस्टरों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने महिलाओं के अधिकार, शिक्षा, सम्मान, समानता तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। पोस्टर गतिविधि में विद्यार्थियों ने अत्यंत रचनात्मक और प्रेरणादायक संदेश प्रस्तुत किए, जिनके माध्यम से महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और समाज में महिलाओं की भूमिका के विषय में भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा करते हुए महिलाओं के प्रति सम्मान और समान अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार एवं नेहा कुमारी शर्मा के निर्देशन में किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा, महिला सम्मान और जागरूकता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।