आपातकाल के 50वर्ष पूर्ण होने पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान समारोह आयोजित


सवाई माधोपुर, 25 जून। आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार लोकतंत्र रक्षकों के सम्मान में बुधवार को रणथम्भौर मैरिज गार्डन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के लोकतंत्र सेनानियों को ससम्मान स्मृति चिन्ह एवं राज्य सरकार द्वारा प्रकाशित लोकतंत्र सेनानियों के अनुभवों की संकलन पुस्तिका भेंट की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौर में अपने संघर्षपूर्ण अनुभव साझा करते हुए उपस्थित जनसमूह, विशेषकर युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा हेतु सदैव सजग रहने का आह्वान किया।
जिला कलेक्टर कानाराम ने लोकतंत्र सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पहार अर्पित कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, “यह अवसर उन वीर सेनानियों को नमन करने का है, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र के सबसे कठिन कालखंड में अपनी निडरता और प्रतिबद्धता से संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की रक्षा हेतु संघर्ष किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि लोकतंत्र सेनानियों को यदि भविष्य में कभी किसी भी प्रकार की आवश्यकता हो, तो जिला प्रशासन हर संभव सहयोग हेतु सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी मोतीलाल जाट, बजरंगलाल जाट, योगेन्द्र प्रसाद, गिर्राजकिशोर शर्मा, डॉ. भरतलाल मथुरिया, बद्रीलाल शर्मा, बाबूलाल गुप्ता, युगलबिहारी शर्मा, प्रहलाद मथुरिया, मोहनलाल शर्मा, हरीशकुमार शर्मा, द्रोपदी देवी, सुशीला देवी सहित अन्य सेनानियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
समारोह में संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें वक्ताओं ने लोकतंत्र की महत्ता, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आपातकाल की अमानवीय यातनाओं के बावजूद लोकतंत्र सेनानियों ने राष्ट्रवाद और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया, जो आज भी प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनों ने लोकतंत्र के संरक्षण एवं सशक्तिकरण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों से आत्मीय भेंट कर उनके साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, जिला कोषाधिकारी कुलदीप मीना, उप निदेशक समाज कल्याण विभाग मीना आर्य, जिल रशद अधिकारी रामभजन मीना, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now