रंग पंचमी पर हरसिद्धि माता मंदिर में गूंजेगा गैर का उल्लास, मलवासा में जुटेगा श्रद्धा और परंपरा का संगम


छींच, बांसवाड़ा।अरुण जोशी। कस्बे के निकट स्थित मलवासा गांव में प्रसिद्ध देवी तीर्थ हरसिद्धि माता मंदिर परिसर में रंग पंचमी के अवसर पर रविवार को भव्य गैर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस बार भी पूरे उत्साह और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा, जिसमें आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण भाग लेंगे। मंदिर से जुड़े पंडित योगेश उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि रंग पंचमी के दिन आयोजित होने वाला यह गैर महोत्सव क्षेत्र की पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी मलवासा के साथ-साथ आसपास के अनेक गांवों से लोग पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों की थाप पर गैर नृत्य करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेंगे और उत्साहपूर्वक इस आयोजन में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि होली के पांच दिन बाद मनाए जाने वाले इस महोत्सव में गैर नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी जाती है, जो क्षेत्र की लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक मानी जाती है। रंग, उमंग और लोकगीतों के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय हो उठता है। गैर नृत्य कार्यक्रम के समापन के बाद सभी श्रद्धालु सामूहिक रूप से माता हरसिद्धि की आरती करेंगे तथा इसके पश्चात महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और गांव में तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं तथा ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।रंग पंचमी के इस पारंपरिक गैर महोत्सव में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था, संस्कृति और उत्सव के रंगों से सराबोर नजर आएगा।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now