नववर्ष की पहली रात्रि जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत निंदडदा में की रात्रि चौपाल


सवाई माधोपुर 2 जनवरी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर काना राम ने नववर्ष की प्रथम रात्रि पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत निंदडदा स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में रात्रि चौपाल आयोजित की।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा अनियमित जलापूर्ति, राइजिंग लाइन लीकेज, नहर से पानी के लिए नलियां डलवाने, सीसी सड़क निर्माण, रास्तों पर ग्रेवलिंग, घर के उपर हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, स्वास्थ्य केंद्र भवन मरम्मत एवं शैक्षणिक गुणवत्ता से जुड़े परिवाद प्रस्तुत किए गए। उन्होंने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सड़क निर्माण के संबंध में देवस्थान (पिपली वाले बाबा) मार्ग पर पुराने राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर ग्रेवल सड़क करने के निर्देश पंचायतीराज एवं राजस्व विभाग को दिए गए। वहीं श्यामोता उच्च माध्यमिक विद्यालय से जुड़ी शिकायत पर शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश प्रदान किए गए। वहीं जल जीवन मिशन के तहत गांव में स्थापित योजनाओं के नियमित संचालन, लीकेज राइजिंग लाइन को ठेकेदार द्वारा ठीक करवाने तथा शत-प्रतिशत घरों में अंतिम तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बिजली चोरी की शिकायत पर विद्युत विभाग को विजिलेंस कार्रवाई एवं सभी पात्र परिवारों को कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से 150 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली योजना का लाभ लेने के लिए रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आपदा राहत राशि हेतु प्रभावित ग्रामीणों से सात दिवस में आवश्यक दस्तावेज पटवारी को उपलब्ध कराने का आग्रह किया तथा बताया कि फसल बीमा योजना अंतर्गत क्रॉप कटिंग सर्वे के अनुसार बीमा राशि शीघ्र प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का स्थायी समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पटवारी एवं कृषि पर्यवेक्षकों के गांववार उपस्थित रहने के दिन निर्धारित कर ग्राम पंचायत भवनों पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।
रात्रि चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, उपखण्ड अधिकारी गौरव मित्तल, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा, सरपंच रचना देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now